Live Coronavirus Jamshedpur : कोल्हान में अबतक मिले 71 कोरोना पॉजिटिव, ये इलाके हुए सील
Live Coronavirus Jamshedpur.पूर्वी सिंहभूम जिले में अबतक 51 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वही कोल्हान में अब तक 71 कोरोना पोजिटिव मरीज मिले हैं।
जमशेदपुर, जासं। Live Coronavirus Jamshedpur शुक्रवार को जमशेदपुर शहर में एक ही दिन में रिकॉर्ड 15 कोरोना पोजिटिव मरीज मिले। सभी मरीज बारीडीह,बिरसानगर, बारीनगर, टेल्को के घोड़ाबांधा, बागबेड़ा, जवाहर नगर, मुसाबनी, जुगसलाई, सीतारामडेरा सहित अन्य क्षेत्रों के रहनेवाले हैं ।
इन पॉजिटिव मरीजों में 13 पुरुष व दो महिला हैं। सभी 20 से 26 मई के बीच महाराष्ट्र, गुड़गांव, दिल्ली, चेन्नई, मुंबई, रांची, बेंगलुरु, बिहार के बक्सर सहित अन्य प्रदेशों से लौटे हैं । इसके बाद जिला सार्विलांस विभाग ने सभी का नमूना लेकर जांच के लिए महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज के वायरोलॉजी लैब जांच के लिए भेजा । इसमें टेल्को क्षेत्र के रामनगर घोड़ाबांधा, बिरसानगर स्थित जोन नंबर एक आठ के अलावे मानगो के जवाहरनगर रोड नंबर 14 के मरीज होम क्वारंटाइन में थे। देर रात उक्त सभी इलाकों को सील कर कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया। वहीं मुसाबनी में तीन मरीजों की पुष्टि हुई है। बारीडीह के मरीज के संपर्क में कई लोग आए हैं जिसकी तलाश हो रही है। पूर्वी सिंहभूम जिले में अबतक 51 कोरोना मरीजों की पुष्टि हो चुकी है। वही कोल्हान में अब तक 71 कोरोना पोजिटिव मरीज मिले हैं। इसमें पश्चिमी सिंहभूम के 15 व सरायकेला-खरसावा पांच मरीज शामिल हैं।
चार का एमजीएम में चल रहा था इलाज
रिपोर्ट आने से पूर्व चार मरीजों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा था। इसमें टेत्को,जवाहरनगर, सीतारामडेरा व बिहार के मरीज शामिल हैं। पॉजिटिव रिपोर्ट आने के बाद उक्त सभी को टीएमएच शिफ्ट कर दिया गया है। फिलहाल एमजीएम के आइसोलेशन वार्ड कुल 87 मरीज भर्ती हैं।
जमशेदपुर के पांच इलाकों में बना कंटेनमेंट जोन
जमशेदपुर शहर में शुक्रवार को एक दिन में 15 कोरोना संक्रमितों के मिले, तो एक दिन में सबसे ज्यादा पांच कंटनेमेंट जोन भी बनाया गया। शुक्रवार को दिन में पांच कोरोना संक्रमित मिलने की सूचना आई, तो देर शाम 10 नए संक्रमित मिल गए। दिन में मिले सभी संक्रमित सरकारी क्वारंटाइन में थे, जबकि देर शाम मिलने वालों में पांच संक्रमित अपने घर में थे। इनमें से बारीनगर व घोड़ाबांधा (टेल्को) के अलावा बिरसानगर जोन-1 व जोन-8 के अलावा जवाहरनगर (मानगो) में संक्रमितों के आसपास वाले क्षेत्र को कंटेनमेंट जोन बनाया गया है। आनन-फानन इन इलाकों में बांस से घेराबंदी करके संक्रमितों के घर की ओर जाने वाले रास्तों को सील कर दिया गया है। इस क्षेत्र में जो भी मकान पड़ते हैं, सभी को घर में ही रहना होगा। उनकी जरूरत का सामान जिला प्रशासन उपलब्ध कराएगा। जोन के अंदर आने वाले क्षेत्र में घर-घर से कोरोना जांच के लिए नमूने भी लिए जाएंगे। इस क्षेत्र में विशेष रूप से साफ-सफाई का अभियान चलेगा, तो इसके साथ ही पूरे इलाके को सैनिटाइज भी किया जाएगा।
गोविंदपुर कंटेनमेंट जोन में लगे 15 स्वयंसेवक
जमशेदपुर के छोटा गोविंदपुर की जनता मार्केट में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद इस क्षेत्र को सील कर दिया गया। कंटेनमेंट जोन में 49 घर के लगभग 250 लोगों की सेवा के लिए मजिस्ट्रेट के साथ ही 15 स्वयंसेवक लगे हैं। स्वयंसेवक के रूप में काम कर रहे छोटा गोविंदपुर मध्य पंचायत के उप मुखिया सतबीर सिंह बग्गा ने बताया कि कंटेनमेंट जोन के लोगों को कोई परेशानी न हो इसके लिए सभी स्वयंसेवक सुबह सात बजे से ही जरूरत के सामन सूची मंगा लेते हैं। इसके बाद बेरेकेिडिंग के पास सामान लाकर रख देते हैं, जहां से लोग अपना सामान ले जाते हैं। कंटेनमेंट जोन के कुछ लोग परेशान भी कर रहे हैं, इसके बावजूद हम सेवा में कहीं से भी कमी नहीं कर रहे।
10 रुपये की सब्जी से लेकर मुर्गा तक की मांग
छोटा गोविंदपुर जनता मार्केट कंटेनमेंट जोन के लोगों को कंट्रोल रूम का भी नंबर दिया गया है। इसके अलावा स्वयंसेवक भी सक्रिय रहते हैं। स्वयंसेवक का काम कर रहे शिवलाल,संतोष अनिल कुमार, अशोक आदि सुबह सात से संध्या सात बजे तक पूरी तरह सक्रिय रहते हैं। स्वयंसेवकों की परेशानी उस समय बढ़ जाती है जब कई लोग फोन कर 10-10 रुपये की सात-आठ प्रकार की हरी सब्जियां मंगाने लगते हैंं। कुछ लोग तो मुर्गा तक की मांग कर रहे हैं।