Jamshedpur coronavirus News Update : पूर्वी सिंहभूम जिले में 48 घंटे के अंदर मिले 541 कोरोना पॉजिटिव, जाने ताजा हाल
Jamshedpur coronavirus News Update. पूर्वी सिंहभूम जिले में 48 घंटे के अंदर कोरोना से नौ लोगों की मौत हुई जबकि 541 कोरोना पॉजिटिव मिले।
जमशेदपुर, जासं। Jamshedpur coronavirus News Update पूर्वी सिंहभूम जिले में 48 घंटे के अंदर कोरोना से नौ लोगों की मौत हुई। गुरुवार को पांच और शुक्रवार को चार लोगों ने जान गंवाई। शुक्रवार को हुई मौत में मानगो निवासी (80) पुरुष, मानगो निवासी (55) पुरुष, बर्मामाइंस निवासी (55) पुरुष व गालूडीह निवासी (77) पुरुष शामिल हैं। इनमें बर्मामाइंस निवासी की मौत टाटा मोटर्स अस्पताल में हुई। बाकी का इलाज टीएमएच में चल रहा था।
वहीं, गुरुवार को घाटशिला निवासी (63) पुरुष, सोनारी निवासी (77) महिला, बारीडीह निवासी (67) महिला, कदमा निवासी (79) पुरुष व टेल्को निवासी (38) पुरुष की मौत हुई थी। मृतकों में अधिकांश क्रोनिक बीमारी, सांस की समस्या, हाइपरटेंशन, किडनी व कैंसर से ग्रस्त थे। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना से अब तक 285 लोगों की मौत हो चुकी है।
बहरागोड़ा थाना के आठ जवान मिले कोरोना पॉजिटिव
पूर्वी सिंहभूम जिले में 48 घंटे के अंदर 541 कोरोना पॉजिटिव मिले। शुक्रवार को 357 लोग संक्रमित मिले। इसमें बहरागोड़ा थाना के आठ पुलिस जवान, सुंदरनगर कैंप के सात रैफ जवान, दो सीआरपीएफ जवान, बीएड कॉलेज टेल्को के एक, गोलमुरी पुलिस लाइन के एक जवान, रेलवे ट्राफिक कालोनी के एक, कदमा बैंक ऑफ इंडिया के दो कर्मचारी, पोटका यूसीआईएल के पांच, मुसाबनी सीआरपीएफ कैंप के दो जवान, यूनाइटेड क्लब के पांच, केएसएम स्कूल के तीन, जिला सर्विलांस विभाग के एक कर्मचारी सहित अन्य क्षेत्रों से भी कोरोना पॉजिटिव मिले। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 11513 हो गई है।
2911 संदिग्धों का लिया गया नमूना
शुक्रवार को 2911 संदिग्ध मरीजों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 158460 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 147707 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
443 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 443 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 8767 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।