Indian railway : चक्रधरपुर मंडल के 22 हजार रेलकर्मियों को मिलेगा 17951 रुपये बोनस, शुक्रवार को खाते में जायेंगे पैसे
Indian railway.ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन द्वारा 22 अक्टूबर तक बोनस की घोषणा नहीं हुई तो रेल परिचालन बाधित करने की चेतावनी के बाद सरकार ने रेलकर्मियों की बोनस की घोषणा कर दी।चक्रधरपुर मंडल में कार्यरत 22 हजार रेलकर्मियों को 17951 रुपये बोनस की राशि मिलेगी।
जमशेदपुर, जासं। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन द्वारा 22 अक्टूबर तक बोनस की घोषणा नहीं हुई तो रेल परिचालन बाधित करने की चेतावनी के बाद सरकार ने रेलकर्मियों की बोनस की घोषणा कर दी। इससे चक्रधरपुर मंडल में कार्यरत 22 हजार रेलकर्मियों को 17951 रुपये बोनस की राशि मिलेगी।
मंडल के 22 हजार रेलकर्मियों के बैंक खाते में बोनस के रुप में 39 करोड़, 49 लाख, 22 हजार रुपये भेजे जाएंगे। प्रत्येक रेलकर्मियों को 78 दिनों का बोनस देने पर सहमति बनी है। इसके लिए एक माह में सिर्फ सात हजार रुपये बेसिक पर सीलिंग की गई है। यानी 78 दिनों में कुल 17951 रुपये का राशि बोनस के रुप में मिलेगा।
कर्मचारियों ने मनाई खुशी
गुरुवार को मेंस यूनियन, मजदूर संघ ने बोनस की राशि स्वीकृत होने की खुशियां मनाई। रेल कर्मचारियों को धन्यवाद देते हुए मंडल रनिंग शाखा सचिव एमके सिंह ने कहा कि रेल कर्मचारियों की एकता तथा संघर्ष का परिणाम है कि सरकार को बोनस देने पर मजबूर किया गया। सरकार द्वारा बोनस की घोषणा करने के बाद ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के आह्वान पर दक्षिण- पूर्व रेलवे मेंस यूनियन 22 अक्टूबर को चक्रधरपुर मंडल के हर स्टेशन में विजय दिवस मनाने की घोषणा की है।
भामस ने मनाया था चेतावनी सप्ताह
भारतीय मजदूर संघ द्वारा राष्ट्रब्यापी चेतावनी सप्ताह 10 अक्टूबर से 16अक्टूबर 2020तक मनाया गया था। सरकारी राष्ट्रीय कर्मचारी परिसंघ के महामंत्री साधु सिंह द्वारा 19 अक्टूबर को बोनस का भुगतान करने के लिए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया था। इससे केंद्र सरकार को करीब 30 लाख केन्द्रीय कर्मचारियों को 2019-20 का उत्पादकता आधारित बोनस का भुगतान करने की घोषणा करनी पड़ी। भारतीय मजदूर संघ पूर्वी सिंहभूम के जिला मंत्री अभिमन्यु सिंह ने भारतीय मजदूर संघ द्वारा केन्द्र सरकार की इस घोषणा के लिए प्रशंसा की है। इस घोषणा से सभी केन्द्रीय कर्मचारियों में खुशी का माहौल बन गया।