एमजीएम अस्पताल के अधीक्षक सहित 21 एमबीबीएस छात्र कोरोना पाजिटिव, मचा हड़कंप
कोरोना बेकाबू हो चुका है। वायरस तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को एमजीएम अधीक्षक की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। वह अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। उनके गले में खराश थी। इसी दौरान उन्होंने जांच कराई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई।
जागरण संवाददाता, जमशेदपुर : कोरोना बेकाबू हो चुका है। वायरस तेजी से फैल रहा है। मंगलवार को एमजीएम अधीक्षक की तबीयत ठीक नहीं लग रही थी। वह अपने कार्यालय में कार्य कर रहे थे। उनके गले में खराश थी। इसी दौरान उन्होंने जांच कराई तो रिपोर्ट पाजिटिव आई। इसके बाद वे होम आइसोलेशन में चले गए। फिलहाल उनकी स्थिति सामान्य है। इसके बाद एमजीएम अधीक्षक के संपर्क में आए लोगों का नमूना लिया जा रहा है।
बुधवार तक संक्रमितों की संख्या बढ़ सकती है। कोरोना मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए एमजीएम अधीक्षक लगातार आइसोलेशन वार्ड की व्यवस्था में सुधार करने में जुटे हुए थे। इसी दौरान संक्रमित हो गए। वहीं, एमजीएम मेडिकल कालेज के 161 एमबीबीएस छात्र-छात्राओं की जांच हुई। इसमें 21 छात्र संक्रमित मिले हैं। दस लड़की व ग्यारह लड़के हैं। सभी को होम आइसोलेशन में रखा गया है। किसी की स्थिति गंभीर नहीं है। उनके संपर्क में आए लोगों की जांच बुधवार को की जाएगी। एमबीबीएस छात्र प्रैक्टिकल की पढ़ाई करने के लिए कालेज से अस्पताल आते हैं। अस्पताल को डेडिकेटेड कोविड अस्पताल बनाया गया है। शहर में अभी तक नौ चिकित्सक कोरोना पाजिटिव हो चुके हैं।