Coronavirus Jamshedpur Update : कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी के बीच जमशेदपुर में मिले 20 नए पॉजिटिव, ये रहा ताजा हाल
Coronavirus Jamshedpur Update. जमशेदपुर में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या से जिला प्रशासन चिंतित है। पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को एक हजार 956 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 20 पॉजिटिव मिले।
जमशेदपुर, जासं। कोरोना वैक्सीनेशन की तैयारी जोर-शोर चल रही है। रविवार को भी मानगो स्थित शहरी स्वास्थ्य केंद्र में कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया। इधर, शहर में कोरोना के मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। मरीजों की बढ़ती संख्या से जिला प्रशासन चिंतित है।
पूर्वी सिंहभूम जिले में शनिवार को एक हजार 956 लोगों की कोरोना जांच हुई। इसमें 20 पॉजिटिव मिले। संक्रमित मरीजों में 15 शहरी क्षेत्र, चार घाटशिला व एक चाकुलिया के रहनेवाले हैं। वहीं, शहरी क्षेत्रों में साकची, बिष्टुपुर, बागबेड़ा, मानगो, कदमा, सोनारी, बिरसानगर सहित अन्य क्षेत्रों के मरीज शामिल हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 17 हजार 648 हो गई है।
कल ही किया गया ड्राई रन
वहीं, शनिवार को कोरोना वैक्सीन को लेकर परसुडीह स्थित सदर अस्पताल में ड्राई रन (मॉक ड्रिल) का सफल आयोजन किया गया था। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ. आरएन झा, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (एसीएमओ) डॉ. साहिर पॉल, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी डॉ. एके लाल, डॉ. प्रभाकर भगत, डॉ. एबीके बाखला, डॉ. विमलेश कुमार, यूनिसेफ के राजीव कुमार, नर्स शर्मिला ठाकुर सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
1804 संदिग्धों का लिया गया नमूना
शनिवार को एक हजार 804 संदिग्धों का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। अबतक 477376 का नमूना लिया जा चुका है। इसमें 450129 का रिपोर्ट निगेटिव आई है।
22 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे
एमजीएम, टीएमएच सहित विभिन्न कोविड वार्ड से कुल 22 मरीज स्वस्थ होकर घर लौटे। जिले में अब तक कुल 17048 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।