Coronavirus Jamshedpur News Update : पूर्वी सिंहभूम में फिर मिले 105 कोरोना पॉजिटिव, संख्या बढ़कर हुई 1915; जानिए ताजा हाल
Coronavirus Jamshedpur News Update. पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना काबू में होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को 105 कोरोना पॉजिटिव पाए गए।
जमशेदपुर, जासं। Coronavirus Jamshedpur News Update पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना काबू में होने का नाम नहीं ले रहा है। शुक्रवार को 105 कोरोना पॉजिटिव पाए गए। इसमें सिविल कोर्ट के 11 कर्मचारी शामिल हैं। वहीं, महात्मा गांधी मेमोरियल (एमजीएम) मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टर, नर्स सहित 20 कर्मचारी संक्रमित मिले हैं।
बीते एक सप्ताह के अंदर 60 से अधिक डॉक्टर, नर्स व स्वास्थ्य कर्मी पॉजिटिव मिले हैं। इससे मरीजों के इलाज पर संकट गहराता जा रहा है। इसके अलावे डिमना चौक स्थित स्मृति सेवा सदन के पांच कर्मचारी पॉजिटिव मिले हैं। गुरुवार को भी यहां से छह कर्मचारी पॉजिटिव मिले थे। हॉस्पिटल को सील कर दिया गया है। सीतारामडेरा थाना के दो पुलिस जवान संक्रमित मिले हैं।
बागबेड़ा में एक ही परिवार के तीन पॉजिटिव
बागबेड़ा में एक ही परिवार के तीन सदस्य कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। बिष्टुपुर स्थित पैथ काइंड लैब से कुल 28 पॉजिटिव मरीजों की रिपोर्ट आई है। इसमें अधिकांश होम क्वारंटाइन में हैं। इसके अलावे डिमना रोड से सात, कदमा से पांच, बागबेड़ा में एक ही परिवार से तीन, गोलमुरी से दो, एग्रिको से तीन, मानगो से आठ, जुगसलाई, मुसाबनी से तीन, मनीफीट, हरहरगुट्टू, साकची, भिलाई पहाड़ी सहित अन्य क्षेत्रों से भी मरीज मिले हैं। पूर्वी सिंहभूम जिले में कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 1915 हो गई है।
35 मरीज स्वस्थ होकर लौटे अपने घर
टीएमएच व एमजीएम के कोविड वार्ड में भर्ती 35 संक्रमित व्यक्ति के संक्रमण मुक्त होने पर शुक्रवार को छुट्टी दी गई। जिले में अब तक कुल 711 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।