फिरौती के लिए अपहरण मामले में टीएसपीसी का उग्रवादी गिरफ्तार
TSPC extremist arrested. पुलिस ने 2017 में फिरौती के लिए अपहरण के मामले में आरोपित टीएसपीसी उग्रवादी नागेश्वर रविदास को गिरफ्तार किया है।
दारू (हजारीबाग), जेएनएन। झारखंड में हजारीबाग की दारू पुलिस ने 2017 में फिरौती के लिए अपहरण के मामले में आरोपित नक्सली संगठन तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमिटी (टीएसपीसी) उग्रवादी नागेश्वर रविदास को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया। उसकी गिरफ्तारी बरकट्ठा से हुई। पुलिस को उसके पास से कोई हथियार या आपत्ति जनक समान बरामद नहीं हुआ है। उस पर कितने मामले दर्ज हैं, पुलिस इसकी पड़ताल कर रही है। गिरफ्तार उग्रवादी नागेश्वर रविदास पिता छोटीलाल रविदास ग्राम सलैया बरकट्ठा का निवासी है। वर्ष 2017 में दारू थाना क्षेत्र के जरगा निवासी बैजनाथ महतो पिता हिरामन महतो ने छह अज्ञात लोगों के खिलाफ तीन लाख की फिरौती के लिए उसका अपहरण करने का मामला दर्ज कराया था। इचाक थाना पुलिस ने टीएसपीसी के एरिया कमांडर अरुण मंडल को विभिन्न मामलों में गिरफ्तार किया था। जिसमे उसने अन्य कांडों के साथ जरगा में बैजनाथ महतो के अपहरण के मामले में खुद की संलिप्तता स्वीकार की थी। साथ ही, अपने पांच अन्य साथियों का नाम भी बताया था।
इनमे नागेश्वर रविदास का नाम भी शामिल था। उसके बारे में दारू थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि नागेश्वर अपने घर बरकट्ठा में है। जिसके बाद एएसआइ बुधवा उरांव ने उसे गिरफ्तार किया और उसे दारू थाना लाया गया। जहां से उसे पूछताछ के बाद केंद्रीय कारागार हजारीबाग भेज दिया। इस मामले के जांच अधिकारी बुधवा उरांव ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी ने फिरौती के लिए अपहरण कांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने बताया कि वह टीएसपीसी संघटन से जुड़ा है और पूर्व में भी कई मामलों में जेल जा चुका है।