20 किलो अफीम के साथ गिद्धौर के दो युवक धराए
संवाद सूत्र चौपारण (हजारीबाग) जीटी रोड की सुगमता के कारण चौपारण मादक पदार्थ तस्करी क
संवाद सूत्र चौपारण (हजारीबाग) : जीटी रोड की सुगमता के कारण चौपारण मादक पदार्थ तस्करी का बड़ा केंद्र बन गया है। बीते कुछ माह से पुलिस की लगातार तत्परता के बाद भी तस्करी के नए हथकंडे अपनाए जा रहे हैं। एक बार फिर चौपारण पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर 20 किलो अफीम बरामद किया है। इसकी जानकारी देते हुए थाना प्रभारी नितिन कुमार सिंह ने बताया कि गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ अफीम तस्करों द्वारा एक कार (जेएच 02 एक्स 8486) से बाराचट्टी की तरफ से अवैध रूप से अफीम लेकर तस्करी करने के लिए चौपारण होते हुए गिद्धौर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस पदाधिकारी रितेश कुमार राव सशस्त्र बल के साथ सियरकोनी के पास चेकिग लगा कर वाहन को रोकने का इशारा किया। इस पर चालक वाहन को तेज गति से भगाने लगा। पीछा कर वाहन को रोका गया तो उस पर सवार सभी लोग भागने लगे। पुलिस सशस्त्र बलों ने दो व्यक्ति को दौड़ाकर पकड़ा। इनकी पहचान चतरा जिले के गिद्धौर निवासी 19 वर्षीय सूर्यकांत कुमार पिता रतन दांगी और 22 वर्षीय बाबूचंद कुमार दांगी पिता अरुण दांगी के रूप में हुई। वहीं गाड़ी में सवार तीन अन्य तस्कर जंगल के रास्ते भागने में सफल रहे। वाहन के अंदर से एक प्लास्टिक की बोरी में गेहूं के अन्दर पांच पॉलीथिन में करीब 4-4 किलो के कुल 20 किलो अफीम बरामद किए गए। छापेमारी दल में रितेश कुमार, रामकुंवर पाल, बिनोद कुमार दुबे, मुद्रिका सिंह, अजित कुमार शामिल थे।