हजारीबाग के विष्णुगढ़ में आजसू-झामुमो कार्यकर्ताओं में तकरार
विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बनासो गांव में आजसू और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच तकरार हो गई।
जासं, हजारीबाग। झारखंड में हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड अंतर्गत बनासो गांव में मंगलवार रात आजसू और झामुमो कार्यकर्ताओं के बीच तकरार हो गई। इस दौरान एक दूसरे के साथ धक्कामुक्की भी हुई। बाद में घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंच गई ओर दोनों पक्षों को अलग कर मामले को शांत कराया।
जानकारी के अनुसार, आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो की बुधवार को होने वाले पदयात्रा कार्यक्रम के मद्देनजर आजसू नेता अजय मंडल के नेतृत्व में बनासो बाजार में पार्टी का झंडा लगा रहे थे। इसी बीच, बंधन और कल्लू नामक झामुमो कार्यकर्ताओं द्वारा झंडा लगाने से मना किया गया। धीरे-धीरे उनके बीच गरमा गरम बहस होने लगी और बात धक्का-मुक्की तक पहुंच गई।
इसी बीच, किसी ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंच कर मामले को शांत कराया गया। इस बीच, बुधवार को पदयात्रा कार्यक्रम के तहत आजसु सुप्रीमो सुदेश महतो का कार्यक्रम सुचारू से शुरू हो चुका है। हालांकि रात की घटना को देखते हुए व्यापक पुलिस बंदोबस्त भी किए गए हैं।