नामांकन से पहले रोड शो में जयंत ने दिखाई ताकत
सड़कों पर उमड़ा हुजूम लगे जयकारे केंद्रीय मंत्री सुरेश प्रभु और मुख्यमंत्री रघुवर दास ने बढ़ाया हौसला
जागरण, हजारीबाग : केंद्रीय मंत्री और भाजपा प्रत्याशी जयंत सिन्हा ने बुधवार को हजारीबाग संसदीय क्षेत्र से नामांकन पत्र भरा। इस अवसर पर उन्होंने विशाल रोड शो निकाल कर अपनी ताकत का एहसास कराया। पूर्वाह्न 11.30 बजे डेमोटांड ऋषभ वाटिका से रोड शो शुरू हुआ। खुली जीप पर खुद जयंत सिन्हा, उनकी धर्मपत्नी पुनीता सिन्हा, भाजपा नेता में 20 सूत्री उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, सदर विधायक मनीष जायसवाल, बरकट्ठा विधायक जानकी यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष टुन्नू गोप सहित बडी संख्या में भाजपा नेता व कार्यकर्ता शामिल थे।
रोड शो के आगे आगे भाजयुमो के कार्यकर्ता मोटरसाइकिल पर सवार चल रहे थे। उनके पीछे गेंदा फूल से सजी खुली जीप में केंद्रीय मंत्री जयंत सिन्हा अपनी पत्नी पुनिता सिन्हा के साथ लोगों का अभिवादन स्वीकार करती चल रही थी। वहां से कोर्रा, मटवारी, कचहरी रोड, अन्नदा चौक, बुढ़वा महादेव चौक, होते हुए रोड शो समाहरणालय परिसर पहुंचा। सबसे पहले जयंत सिन्हा और उनकी पत्नी पुनिता सिन्हा ने निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में प्रवेश किया। उसके बाद हेलीकाप्टर से केंद्रीय नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु, मुख्यमंत्री रघुवर दास और सदर विधायक मनीष जायसवाल भी निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में प्रवेश किया। उसके काफी देर बाद श्री सिन्हा का निर्वाचन पर्चा लिए उनके अधिवक्ता राज कुमार राजू बैरिकेंडिग द्वार पर पहुंचे।
दंडाधिकारी द्वारा जांच पड़ताल के बीच जयंत सिन्हा पुन: वहां पहुंचे और उन्हें अपने साथ निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष में ले गए। नामांकन का पर्चा दाखिल करने के बाद जयंत सिन्हा, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री सुरेश प्रभु, मुख्यमंत्री रघुवर दास और सदर विधायक मनीष जायसवाल प्रसन्नचित्त मुद्रा में निर्वाची पदाधिकारी के कक्ष से बाहर निकले।