जंगली हाथियों ने दपंती को कुचला, मौत
घाघरा : विमरला पंचायत के घुंघरु पाठ गांव में सोमवार की सुबह लगभग पांच बजे जंगली हाथियों
घाघरा : विमरला पंचायत के घुंघरु पाठ गांव में सोमवार की सुबह लगभग पांच बजे जंगली हाथियों ने कुचलकर एतवा असुर व उसकी पत्नी दतली असुर की जान ले ली। मिली जानकारी के अनुसार हाथियों के आने के बाद जान बचाने के लिए गांव के लोग इधर-उधर भागने लगे। एतवा और दतली जंगली हाथियों के चपेट में आ गए।
ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस और वन विभाग के अधिकारियों को दी लेकिन वहां न तो पुलिस पहुंची और न ही वन विभाग के अधिकारी। घटना स्थल प्रखंड मुख्यालय से 22 किलोमीटर दूर हैं जहां संचार माध्यम क्रियाशील नहीं है। गांव में पहुंचने के लिए सड़क भी नहीं है। गुमला के डीएफओ ने दो लोगों के मारे जाने की पुष्टि कर दी है। डीएफओ ने बताया कि वनपाल को गांव में भेजा गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल लाने की व्यवस्था वन विभाग कर रही है।
भरनो में भी हाथियों ने मचाया उत्पात
भरनो : भरनो ,प्रखंड के अमलीया अम्बाटोली निवासी बुधु मुंडा का पुत्र मांगु मुंडा के घर को बीते रात जंगली हाथियों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। घर में रखे 10 मन धान, 4 मन आलू और 6 मन गेंहू को भी चट कर डाला। वन रक्षा समिति के सदस्य शमीम अंसारी ने बतलाया कि मांगू मुंडा गरीबी के कारण परिवार ईट भट्ठा में कार्य करने के लिए कोलकाता गए हुए है। हाथियों द्वारा उत्पात मचाने से मांगू मुंडा के परिवार पर संकट आ गया है। शमीम ने बताया कि दो माह में जंगली हाथियों ने कई घरों व किसानों के अनाज को चट कर दिया है। वन विभाग केवल मुआवजा पर ध्यान नहीं बल्कि हाथियों को भगाने पर ध्यान दें। ताकि लोग चैन की नींद सो सके।