गुमला में पत्थर से कूचकर दंपती की हत्या
Old couple killed. डुमरी प्रखंड के जंगल और पहाड़ से घिरे ओखरगढ़ा गांव में अज्ञात अपराधियों ने दंपत्ति की पत्थर से कूच-कूचकर हत्या कर दी।
डुमरी (गुमला)। झारखंड में गुमला जिले के डुमरी प्रखंड के जंगल और पहाड़ से घिरे ओखरगढ़ा गांव में शुक्रवार की शाम में अज्ञात अपराधियों ने दंपत्ति की पत्थर से कूच-कूचकर हत्या कर दी। घटना में 80 वर्षीय वृद्ध रतिया कोरबा और 75 वर्षीय उसकी पत्नी गुजरी कोरबाइन की मौत हो गई है। मामला रविवार को सामने आया जब कुछ ग्रामीणों ने दोनों का शव लेपक डांड में पड़ा देखा।
आसपास के लोगों ने बताया कि दंपत्ति जरूरत के सामान खरीदने शुक्रवार को बाजार गया था। बाजार से लौटने के क्रम में उनकी हत्या कर दी गई। मृत दंपत्ति के पुत्र धनीराम कोरबा ने बताया कि उसके माता-पिता उससे अलग रहते थे। शनिवार को वह अपनी बेटी को कस्तूरबा विद्यालय डुमरी पहुंचाने गया था। वहां से लौटने के बाद शाम में कुछ लोगों ने यह जानकारी दी कि उसके माता-पिता का शव पूरब लेपक डांड में पड़ा हुआ है। जाकर देखा तो मामला सही निकला। उसने बताया कि उसे माता-पिता या उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। पुलिस दोनों के शव को अपने कब्जे में लेकर रविवार को पोस्ट मार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया।
धनीराम कोरबा के बयान पर डुमरी थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। एसपी अंशुमन कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के क्रम में अब तक न तो दुश्मनी की बात सामने आई है और न ही डायन बिसाही का मामला आया है।