ईसाई धर्म प्रचारक ने पांच साल की बच्ची से किया दुष्कर्म, ग्रामीणों ने की पिटाई
Misbehavior with girl. झारखंड के गुमला में पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म मामला सामने आया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है।
चैनपुर (गुमला), जागरण संवाददाता। ईसाई धर्म प्रचारक चरकू उरांव द्वारा पांच साल की बच्ची से दुष्कर्म मामला सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों ने चरकू की जमकर पिटाई की और कुरुमगढ़ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है। घटना गुरुवार की है। चरकू विलिवर्स चर्च जिरमी कुरुमगढ़ से जुड़ा हुआ है।
पुलिस के अनुसार, चरकू ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है। विलिवर्स चर्च टुकूटोली के धर्म पुरोहित धनसीत लकड़ा ने घटना को अति निंदनीय करार दिया है।
जानें, क्या है मामला
दर्ज प्राथमिकी के अनुसार पांच वर्षीय मासूम बच्ची गुरुवार को अपने घर के बाहर खेल रही थी। चरकू उसे फुसलाकर अपने घर ले गया और दुष्कर्म किया। रोती हुई बच्ची घर लौटी। उस समय उसके माता-पिता खेत पर काम करने गए थे। रो-रोकर घर में मौजूद अकेली दादी को उसने चरकू की घिनौनी हरकत की कहानी बताई। बच्ची के माता-पिता को घटना की जानकारी दी गई तब उन्होंने ग्रामीणों की मदद से आरोपित को पकड़ा।
गुमला सदर अस्पताल में बच्ची का मेडिकल कराया गया। नाबालिग के मां-बाप और ग्रामीणों के अनुसार आरोपित चरकू धर्म प्रचार और धर्म परिवर्तन का काम करता था। यहां पांच साल से किराये के मकान में रहता है। मूलत वह रायडीह के सिलम का रहने वाला है।