अवैध संबंध के शक में पत्नी की गला काट हत्या, खुद का भी गला रेता
Jharkhand. हत्यारोपित का सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है। मूल रूप से असम का रहने वाला है परिवार। साथ में रह रहे छोटे भतीजे ने लोगों को घटना की जानकारी दी।
गुमला, जासं। नगर परिषद क्षेत्र के डुमरटोली में जोसेफ बड़ाइक नाम के युवक ने पत्नी नील कुसुम लकड़ा (28) की बुधवार की रात गला रेतकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद का भी गला रेतकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। घायल जोसेफ गुमला सदर अस्पताल में भर्ती है और पुलिस अभिरक्षा में उसका इलाज चल रहा है। जोसेफ ने बताया कि वह असम का रहने वाला है। गुमला में किराए के मकान में पति-पत्नी और उसका आठ वर्षीय भतीजा रहता था।
जोसेफ ने बताया कि उसे पत्नी का अन्य युवकों से संबंध होने का शक था। इसलिए पहले उसकी हत्या कर दी फिर खुद भी मरने के लिए अपने गले पर चाकू चलाया उसके बाद उसे पता नहीं है। पुलिस के अनुसार गले पर चाकू चलाने के बाद अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह बेहोश हो गया। उसके घर में उसके साथ उसका भतीजा भी रहता था। बच्चे ने ही घटना की जानकारी मकान मालिक को दी।
घटनास्थल पर आसपास के लोग जुट गए और पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने रात में ही महिला के शव को कब्जे में ले लिया और जोसेफ को घायलावस्था में इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। सहायक अवर निरीक्षक सीएम महतो ने बताया कि हत्या में प्रयोग किये गए चाकू को बरामद कर लिया गया है।