प्रभातफेरी में भाग नहीं लेंगे छठीं क्लास के नीचे के छात्र
स्वतंत्रता दिवस पर होंगे विविध कार्यक्रम
गोड्डा : जिला मुख्यालय सभागार में अपर समाहर्ता रंजीत कुमार लाल की अध्यक्षता में स्वतंत्रता दिवस समारोह के सफल आयोजन हेतु समीक्षात्मक बैठक हुई। बताया गया कि जिले में सभी विद्यालयों में सुबह साढ़े पांच बजे से प्रभातफेरी निकली जाएगी, लेकिन इसमें कक्षा छह से नीचे के बच्चे भाग नहीं ले सकते। जिला मुख्यालय में प्रभातफेरी शहीद स्मारक से प्रारंभ होकर नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौक होते हुए वापस शहीद स्मारक पर समाप्त होगी। इसके लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी सच्चिदानंद द्विवेंदु तिग्गा को पूरी जिम्मेवारी दी गई। प्रभातफेरी में छोटे बच्चे भाग नहीं लेंगे। प्रभातफेरी के समय यातायात की व्यवस्था नगर थाना की ओर से सुनिश्चित की जाएगी। सुबह पांच बजे से शहर में नो एंट्री लगाने का निर्णय लिया गया। प्रभातफेरी में प्लास्टिक का राष्ट्रीय ध्वज उपयोग पर रोक लगाते हुए जिला शिक्षा अधीक्षक को राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराने का दायित्व सौंपा गया है। ध्वजारोहण एवं परेड सहित मुख्य समारोह स्थल गांधी मैदान होगा। तत्पश्चात समाहरणालय भवन, जिला परिवहन, विकास भवन, अनुमंडल कार्यालय, नगर परिषद, नगर थाना, मुफस्सिल थाना, आरक्षी केंद्र में ध्वजारोहण होगा। राष्ट्रगान ऑडियो विजन में होगा। गांधी मैदान में 10 अगस्त से 13 अगस्त तक सुबह साढ़े सात बजे से नौ बजे तक इसके लिए प्रैक्टिस की जाएगी। पेयजल की व्यवस्था कार्यपालक पदाधिकारी नगरपरिषद की ओर से किया जाएगा। समारोह में प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था रहेगी। समारोह स्थल में स्वतंत्रता सेनानियों के लिए बैठने का इंतजाम होगा। गांधी मैदान की सफाई का दायित्व नगर परिषद को दी गई है। मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी संजय कुजूर, जिला जन सम्पर्क पदाधिकारी नियाज अहमद एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप