संताल में शिफ्ट हुई झारखंड की राजनीति
जॉनर- राजनीतिक हलचल - जिले की तीन विस सीटों पर कांटे का संघर्ष - राहुल की सभा के बाद भाजपा के स्टार प्रचारकों ने संभाला मोर्चा - महागामा में नड्डा और मुंडा की सभा संपन्न 16 को आएंगे योगी बाबूलाल और हेमंत कई अन्य स्टार प्रचारक भी उतरेंगे मैदान में जागरण संवाददाता गोड्डा झारखंड में तीन चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। चौथा चरण अंतिम पड़ाव में है। इसके बाद आगामी 20 दिसंबर को होने वाले पांचवें चरण के मतदान के लिए सूबे की राजनीति संताल परगना शिफ्ट हो गई है। अमूमन सभी दलों के दिग्गजों
जागरण संवाददाता, गोड्डा : झारखंड में तीन चरण का चुनाव संपन्न हो चुका है। चौथा चरण अंतिम पड़ाव में है। इसके बाद आगामी 20 दिसंबर को होने वाले पांचवें चरण के मतदान के लिए सूबे की राजनीति संताल परगना शिफ्ट हो गई है। अमूमन सभी दलों के दिग्गजों का जुटान संताल परगना में ही हो रहा है। सीएम रघुवर दास उपराजधानी दुमका के बाद 15 दिसंबर को गोड्डा और महागामा में चुनावी सभा को संबोधित करेंगे। वहीं भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा की सभी शनिवार को गोड्डा जिले के महागामा विस क्षेत्र अंतर्गत काला डुमरिया हनवारा में हुई।
शनिवार को ही ठाकुरगंगटी में बाबूलाल मरांडी की भी सभा हुई। जबकि 16 दिसंबर को महागामा के बलबड्डा में योगी आदित्यनाथ, गोड्डा के बसंतराय में बाबूलाल मरांडी, गोड्डा में ही तेजस्वी यादव सहित पोड़ैयाहाट में अमित शाह सहित कई अन्य स्टार प्रचारकों की सभा और रोड शो निर्धारित है।
अंतिम चरण के चुनाव के लिए अब पूरा जोर संताल परगना पर है। यूं कहें कि झारखंड की राजनीति अब संताल परगना में शिफ्ट हो गई है, तो कोई अतिश्योक्ति नहीं। विभिन्न राजनीतिक दलों के स्टार प्रचारकों के कदमताल से संताल परगना की चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। यहां अंतिम चरण में 20 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। संताल परगना के गोड्डा जिले में विधानसभा की तीन सीटें क्रमश: गोड्डा, पोड़ैयाहाट और महागामा में मुकाबला कांटे का होने जा रहा है। गोड्डा और महागामा में जहां मुकाबला आमने सामने का हो गया है। वहीं पोड़ैयाहाट में जेवीएम प्रत्याशी प्रदीप यादव को घेरने के लिए भाजपा के अलावा झामुमो ने भी कोई कसर नहीं छोड़ रखा है। यहां अंतिम चरण के चुनाव में अपने घटक दलों के साथ कई स्टार प्रचारक महासमर पर उतर चुके हैं।
इस कड़ी में 15 दिसंबर को सीएम के कार्यक्रम के साथ साथ यहां बाबूलाल, हेमंत सोरेन और दिशोम गुरु शिबू सोरेन की सभाएं भी प्रस्तावित है। भाजपा यहां किसी भी कीमत पर किसी सीट पर वाकओवर देने के मूड में नहीं है। गोड्डा के साथ साथ दुमका व राजमहल लोस क्षेत्र की सभी विस सीटों पर स्टार प्रचारकों के धुंआधार प्रचार के साथ ही अगले तीनों दिनों तक राजनीतिक सरगर्मी भी परवान चढ़ेगी। जिले में भाजपा अपनी दो सीटिग सीट को बचाने के अलावा पोड़ैयाहाट पर कब्जा करना चाह रही है, वहीं दूसरी ओर महागठबंधन की नजर संताल की तकरीबन आधा दर्जन सीटों पर है। एसटी सुरक्षित सीटों पर झामुमो को पटखनी देना बहुत आसान नहीं है। यहां शिबू सोरेन और हेमंत की सभा में आदिवासियों की जिस तरह भीड़ उमड़ रही है, इससे इसका अंदाजा लगाया जा सकता है। संताल परगना की ज्यादातर सीटों पर महागठबंधन और भाजपा की लड़ाई में झाविमो भी तीसरा कोण बना रहा है। इससे कई सीटों में मुकाबला दिलचस्प हो गया है।
गोड्डा सीट की बात करें तो यहां भाजपा के सीटिग विधायक अमित मंडल को राजद के संजय प्रयाद यादव से कड़ी टक्कर मिल रही है। संताल पगरना में गोड्डा वैसे भी राजनीतिक दृष्टिकोण से सबसे ज्यादा संवेदनशील माना जाता रहा है। यहां की तीनों सीटें सामान्य है। 18 दिसंबर तक के प्रचार में संताल में राजनीतिक घमासान देखने का मिलेगा।