राष्ट्रीय बालिका दिवस पर छात्राओं को मिली स्वास्थ्य सुरक्षा की जानकारी
कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से पथरगामा प्रखंड के बरमसिया गांव में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक््र का आयोजन किया गया।
संसू, पथरगामा : कृषि विज्ञान केंद्र की ओर से पथरगामा प्रखंड के बरमसिया गांव में राष्ट्रीय बालिका दिवस पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गृह वैज्ञानिक डाक्टर प्रगतिका मिश्रा ने बालिकाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण तथा रोजगार से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने कहा कि किशोरियों को स्वास्थ्यप्रद भोजन और पेय पदार्थो को चुनने, शारीरिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और एनीमिया की रोकथाम एवं उपचार को बढ़ावा देने में सहायता करने के लिए किए जा रहे क्रियाकलापों का समर्थन करना चाहिए। आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन ए और आयोडीन सहित विटामिन और खनिज की कमियों को रोकने के लिए सुदृढ़ीकरण महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। कृषि प्रसार वैज्ञानिक डाक्टर रितेश दुबे ने कहा कि भारत सरकार ने बेटियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना चलाई है। सुकन्या समृद्धि खाता योजना, 2019 को अधिसूचित किया है। कोई भी बैंक या भारतीय डाकघर में सुकन्या समृद्धि खाता खोल सकता है। फार्म आनलाइन उपलब्ध है। खाता बालिका के जन्म से लेकर 10 वर्ष की आयु तक बालिका के नाम पर नेचुरल या कानूनी अभिभावक द्वारा खोला जाना चाहिए। यह खाता 1,000 रुपये से खोला जा सकता है। एक वित्तीय वर्ष में अधिकतम सीमा 1,50,000 रुपये तक है। इस योजना पर ब्याज दर 7.60 प्रतिशत प्रतिवर्ष है। वार्षिक रूप से संयोजित है। भविष्य में बालिकाओं द्वारा उनकी शिक्षा के लिए धन का उपयोग किया जा सकता है। बालिकाओं को उच्च शिक्षा के लिए रोजगार परक शिक्षा जैसे-चिकित्सा, इंजीनियरिग, कृषि तथा बैंकिग सेक्टर आदि में अपार संभावनाओं के विषय में विस्तारपूर्वक बताया। सभी बालिकाओं को टमाटर, बैंगन, फूल गोभी, मिर्च तथा रसभरी के बिचड़े वितरित किया गया। मौके पर पुष्पा हांसदा, रामधन मुर्मू, काजल कुमारी, नीतू कुमारी समेत 40 बालिकाएं कार्यक्रम में सम्मिलित हुए।