गोड्डा में कड़ाके की ठंड से जनजीवन अस्तव्यस्त
संस गोड्डा जिला में दो दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्र
संस, गोड्डा : जिला में दो दिनों से कड़ाके की ठंड पड़ रही है जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सुबह के वक्त घना कोहरा भी लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है इससे वाहनों के आवाजाही में परेशानी हो रही है। केवीके आटोमेटिक वेदर सेंटर से मिली जानकारी के अनुसार राज्य भर में पिछले दो दिनों में सबसे कम तापमान गोड्डा का रिकार्ड किया गया है। सोमवार को न्यूनतम तापमान घटकर 7.7 डिग्री सैल्सियस पहुंच गया जो राज्य भर में सबसे कम रहा। इससे पहले रविवार को भी न्यूनतम तापमान राज्य भर में बस से कम गोड्डा जिला का रहा है। कड़ाके की ठंड व चल रही सर्द हवा से लोगों की मुश्किल बढ़ गई है। इस बाबत केवीके आटोमेटिक वेदर सेंटर के मौसम सह कृषि वैज्ञानिक रजनीश प्रसाद ने बताया कि राज्य भर में सोमवार को सबसे कम तापमान गोड्डा का रिकार्ड किया गया है। जहां अधिकतम तापमान 22.7 व न्यूनतम 7.7 डिग्री सैल्सियस रिकार्ड किया गया है। बताया कि चार पांच दिन तक कड़ाके की ठंड पड़ेगी जहां न्यूनतम तापमान 8 से 10 डिग्री सैल्सियस के आसपास रहेगा। कहा कि पश्चिमी हिमालय के क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ के कारण यह स्थिति बनी है जिसका प्रभाव चार-पांच दिनों तक रहेगा और इस दौरान सर्द हवा चलेगी व तापमान में गिरावट रहेगा। बताया कि हवा में नमी बढ़ने व तापमान में गिरावट से रबी फसल को नुकसान हो सकता है। कहा कि खेतों में नमी रहना जरूरी है। आलू को पाला से बचाने के लिए शाम के वक्त पटवन करना चाहिए। जहां आलू में पाला लग गया है व मौसम साफ रहने पर रिडोमिल गोल्ड के साथ पानी का छिड़काव करना चाहिए।