उपभोक्ता फोरम की समस्याओं का होगा निष्पादन
संवाद सहयोगी गोड्डा तीन वर्षों से बंद पड़ा जिले के उपभोक्ता वाद निष्पादन फोरम में अब मामले क
संवाद सहयोगी, गोड्डा : तीन वर्षों से बंद पड़ा जिले के उपभोक्ता वाद निष्पादन फोरम में अब मामले की सुनवाई में गति आएगी। उपभोक्ताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर तीन सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। नए वर्ष में मामले के निष्पादन में गति आने की संभावना से उपभोक्ताओं में खुशी देखी जा रही है। फोरम के अध्यक्ष के रूप में सेवा निवृत जज सैय्यद मतलूब हुसैन एवं सदस्य के रूप में अनिता मंडल का पदस्थापन हो गया है। जबकि तीसरे सदस्य के लिए भी नोटिफिकेशन हो चुका है। जल्द ही उनका भी पदस्थापन होने की उम्मीद है। उपभोक्ता फोरम में 130 मामले लंबित हैं। अध्यक्ष व सदस्य के योगदान के साथ ही चार नये मामले निबंधित हुए हैं। जबकि दो मामले निष्पादित हुए हैं। ऐसे में अब मामले के निष्पादन में रफ्तार आने की उम्मीद है। ज्ञात हो कि उपभोक्ता संरक्षण वाद निवारण फोरम के अध्यक्ष सीताराम प्रसाद का कार्यकाल 17 फरवरी 2019 को पूरा हो गया था। जबकि सदस्य के रूप में कार्यरत रीता झा का कार्यकाल 15 जनवरी 2018 को एवं एक अन्य सदस्य नाथू राम का नौ अक्तूबर 2018 को ही समाप्त हो गया। ऐसे में बिना बेंच के ही फोरम संचालित है। बेंच के अभाव में 2018 से लेकर अबतक करीब 130 से अधिक उपभोक्ता मामले विचाराधीन हैं। वहीं कागजी खानापूर्ति कर 2018 में 27 मामले और 2019 में 15 मामले का निष्पादन किसी तरह किया गया था।