निशिकांत दुबे का दावा, प्रदीप यादव की कांग्रेस में एंट्री हुई तो गिर जाएगी हेमंत सरकार Political Updates
Jharkhand Politics. सांसद गुरुवार को गोड्डा सदर प्रखंड में आयोजित रोजगार मेला के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।
गोड्डा, जासं। गोड्डा सांसद डॉ निशिकांत दुबे ने कहा है कि कांग्रेस के दस विधायक मेरे संपर्क में हैं। अगर प्रदीप यादव की कांग्रेस में एंट्री होती है तो कांग्रेस के दस विधायक भाजपा में आकर हेमंत सरकार गिरा देंगे। सांसद गुरुवार को गोड्डा सदर प्रखंड में आयोजित रोजगार मेला के उद्घाटन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने पोड़ैयाहाट विधायक प्रदीप यादव पर हमला करते हुए कहा कि यौन शोषण के आरोपित को अगर कांग्रेस अपने दल में शामिल कराती है तो झारखंड कांग्रेस में विद्रोह होगा।
कहा कि दिल्ली चुनाव के दौरान कांग्रेस के दस विधायक उनके संपर्क में थे। सांसद ने कहा कि भाजपा आलाकमान का जब इशारा होगा, झारखंड में भाजपा की सरकार बन जाएगी। उन्होंने कहा कि अभी भाजपा नेतृत्व चाहता है कि झारखंड में हेमंत सोरेन सरकार चले लेकिन प्रदीप यादव सरीखे विकास विरोधी तत्व यदि कांग्रेस में शामिल होंगे तो यह सरकार के लिए घातक हो सकता है।