Move to Jagran APP

झारखंड में पुलिस ने दुष्कर्मी से ही करा दी नाबालिग की शादी

marriage of minor. नाबालिग की शादी दुष्कर्म के आरोपित युवक से कराने का मामला सामने आया है। घटना झारखंड के गोड्डा की है।

By Sachin MishraEdited By: Published: Fri, 15 Feb 2019 12:46 PM (IST)Updated: Fri, 15 Feb 2019 04:55 PM (IST)
झारखंड में पुलिस ने दुष्कर्मी से ही करा दी नाबालिग की शादी

गोड्डा, जागरण संवाददाता। झारखंड की गोड्डा पुलिस ने एक नाबालिग की शादी दुष्कर्म के आरोपित युवक से करा दी। लड़की दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कराने थाने में गई थी। हालांकि बाद में युवक लड़की को प्रताड़ित करने लगा। इसके बाद लड़की भागकर एसपी के पास पहुंची और आपबीती बताई। एसपी के निर्देश पर इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस मामले में देवडांड पुलिस की भी भूमिका संदेह के घेरे में है।

loksabha election banner

गोड्डा के देवडांड थाना क्षेत्र के पिपरजोरिया के अमित कुमार सेन ने क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की के साथ बीते 22 दिसंबर को दुष्कर्म किया। लड़की के परिजनों ने उसे पकड़ कर पुलिस को सौंप दिया। पीड़िता के परिजनों को भी थाने लाया गया। पीड़िता के परिजनों का कहना है कि उसने मामला दर्ज करने के लिए आवेदन दिया, जिसे फेंक दिया गया तथा गांव में ही मामले को पंचायत कर सुलझा लेने को कहा गया। हालांकि इसके लिए लड़की पक्ष तैयार नहीं था।

विरोध करने पर लड़की पक्ष के दो लोगों को थाना में बैठा लिया गया। शादी की सहमति देने पर ही उन्हें छोड़ा गया। इसके बाद समाज के कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों की शादी करा दी गई। लेकिन दस दिन बाद ही युवक अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। इसके बाद लड़की किसी तरह वहां से भाग गई। आपबीती परिजनों को सुनाई।

बताया जाता है स्थानीय पुलिस के साथ एक पंचायत जनप्रतिनिधि के पति ने भी आरोपित की मदद की। इस संबंध में पीड़ित के परिजनों का कहना है अगर देवडांड पुलिस ने निष्पक्ष कार्रवाई की होती तो आरोपित उसी दिन गिरफ्तार हो जाता और न्याय के लिए भटकना नहीं पड़ता।

22 दिसंबर, 2018 को हुई घटना के बाबत एसपी को आवेदन देने पर 30 जनवरी को दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। दुष्कर्म के आरोपित अमित कुमार सेन के अलावा सुमित सेन, नटवर सेन व उत्तम सेन पर मामला दर्ज किया गया है। लेकिन मामले में किसी की अबतक गिरफ्तारी नहीं हुई है।

मामले की जानकारी मिली है। देवडांड पुलिस को मुख्य आरोपित को पकड़ने का निर्देश दिया गया है। मामले की निष्पक्ष जांच होगी व पीड़िता को न्याय मिलेगा। प्राथमिकी दर्ज करने में हुई विलंब की भी जांच होगी। इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की अगर कहीं से कोई भूमिका मिली तो विधि सम्मत कार्रवाई होगी। सभी पहलू की जांच की जा रही है।

-रविकांत भूषण, एसडीपीओ, गोड्डा।

सुलगते सवाल

1. घटना के दिन प्राथमिकी क्यों नहीं दर्ज की गई

2. नाबालिग से शादी का पुलिस ने क्यों दवाब बनाया?

3. 38 दिन बाद इस मामले में प्राथमिकी क्यों हुई?


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.