बाढ़ प्रभावितों को सरकारी मदद दिलाने को सीएम से मिलीं विधायक
महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह शनिवार को सूबे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने से मिलीं और महागामा विस क्षेत्र के मेहरमा और ठाकुरगंगटी प्रखंड की डेढ़ दर्जन
जासं, गोड्डा : महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह शनिवार को सूबे को मुख्यमंत्री हेमंत सोरेने से मिलीं और महागामा विस क्षेत्र के मेहरमा और ठाकुरगंगटी प्रखंड की डेढ़ दर्जन से अधिक पंचायतों में आई विनाशकारी बाढ़ के संबंध में अहम जानकारी देते हुए तत्काल बाढ़ पीड़ितों को सरकारी मदद दिलाने की मांग की है। शनिवार की शाम को जागरण से दूरभाष पर इसकी जानकारी विधायक ने दी। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में जितने भी घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, सभी को सरकार ने मुआवजा देने का आश्वासन दिया है। इसके लिए सरकार के निर्देश पर प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे का काम किया जा रहा है। इसके साथ सरकारी स्तर पर प्रभावित परिवारों के बीच सूखा राशन, तिरपाल आदि का वितरण बीते दिनों दिनों से चल रहा है। उन्होंने कहा कि शनिवार को महागामा एसडीओ जितेंद्र कुमार देव ने अधिकारियों के साथ बाढ़ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर स्थिति का आकलन किया है। विधायक ने कहा कि बाढ़ के कारणों की भी पड़ताल कराई जा रही है। तमाम मुद्दों पर सीएम से बात हुई है। उन्होंने राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया है। साथ ही इसके लिए आपदा प्रबंधन विभाग को निर्देश भी दिया गया है। विधायक ने कहा कि बाढ़ से दो प्रखंड में जिन किसानों की फसल बर्बाद हुई है, उसका भी सर्वे कर मुआवजा व फसल बीमा का लाभ दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी मदद के अलावा महागठबंधन के सिपाही भी लगातार प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य चला रहे हैं। अबतक सैकड़ों परिवारों के बीच कांग्रेस, झामुमो और राजद कार्यकर्ताओं की ओर से राशन आदि का वितरण किया गया है। यह कार्य अभी जारी रहेगा। मुख्यमंत्री के साथ ग्रामीण विकास मंत्री आलमगीर आलम भी मौजूद थे।