धान अधिप्राप्ति को लेकर बीडीओ ने की मंत्रणा
ठाकुरगंगटी प्रखंड कार्यालय कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरांव ने शुक्रवार क
ठाकुरगंगटी : प्रखंड कार्यालय कक्ष में प्रखंड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरांव ने शुक्रवार को प्रखंड के कृषि विभाग और आपूर्ति विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर धान अधिप्राप्ति के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। बैठक में प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी शिव शंकर प्रसाद, प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी किशोर कुमार सिन्हा, प्रभारी प्रखंड कृषि पदाधिकारी आनंद रंजन झा , यशोदवाला पैक्स धान अधिप्राप्ति केंद्र के प्रभारी रंजन कुमार सिंह से प्रखंड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरांव ने बारी-बारी से जानकारी ली। प्रखंड के किसानों का धान किस प्रकार कैसे जल्द से जल्द खरीदा जाए और उनके खाते में भुगतान संबंधी क्या व्यवस्था है, किस प्रकार से भुगतान किया जाएगा, धान में अबतक नमी है या नमी समाप्त हो चुकी है, इस पर भी गंभीरता पूर्वक चर्चा की गई। बीडीओ ने कहा कि चांदा ग्राम में स्थित यशोदवाला पैक्स में धान अधिप्राप्ति केंद्र खुल चुका है और किसानों का धान खरीदने के लिए सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। किसी भी किसानों को नाराज होने नहीं दिया जाएगा और धान अधिप्राप्ति केंद्र से वापस लौटने नहीं दिया जाएगा । प्रखंड क्षेत्र के सभी किसानों के धान का खरीद बारी-बारी से किया जाएगा। अभी धान अधिप्राप्ति के लिए किसानों का पंजीकरण काफी तेजी से किया जा रहा है जिससे परेशानी नहीं हो। सैकड़ों किसानों का कृषक मित्र व अन्य माध्यमों से पंजीकरण तेजी से कराया जा रहा है। प्रखंड विकास पदाधिकारी मेघनाथ उरांव ने जानकारी देते हुए बताया कि किसानों के धान खरीद करने की पूर्ण रूप से तैयारी कर ली गई है।