मजदूरों के हक के लिए लड़ता रहेगा भामसं
ललमटिया देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस शुक्रव
संवाद सूत्र, ललमटिया : देश के सबसे बड़े श्रमिक संगठन भारतीय मजदूर संघ का स्थापना दिवस शुक्रवार को ऊर्जानगर स्थित संघ के क्षेत्रीय कार्यालय में मनाया गया। इस अवसर पर सर्वप्रथम सभी सदस्यों एवं कार्यकर्ताओं ने संघ के वरिष्ठ नेता बीके राय एवं प्रदेश मंत्री अंगद उपाध्याय के नेतृत्व में बीएमएस के संस्थापक आदर्श राष्ट्र ऋषि दत्तोपंत ठेंगड़ी एवं भारत माता की तस्वीर पर माल्यार्पण किया गया। तत्पश्चात विधिवत कार्यक्रम की शुरुआत की गई। कार्यक्रम में संघ के कार्यकर्ताओं ने भारत माता के जयघोष के साथ ठेंगड़ी जी के पदचिह्नों पर चलने का संकल्प दोहराया।
मजदूर हित में लंबा संघर्ष: बीके राय ने कहा कि राजमहल परियोजना में मजदूरों की समस्या हो लेकर बीएमएस लगातार आंदोलनरत रहा है। कहा कि इसके साथ ही संगठन प्रबंधन को भी समय समय पर सहयोग करता रहा है। मौके पर बीएमएस के प्रदेश मंत्री अंगद उपाध्याय ने कहा कि विश्व के सबसे बड़े मजदूर संगठन ने राष्ट्रहित, उद्योग हित एवं मजदूर हित के लिए लंबा संघर्ष किया है। कहा कि यह ध्रुव सत्य है कि भामसं श्रमिकों के हित में निरंतर 365 दिन कार्य करने वाला संगठन है। यह परंपरा स्थापना काल से ही चली आ रही है। मजदूर ईमानदारी के साथ राष्ट्र के काम में लगे रहें तथा अपनी मजदूरी को भी उसी ईमानदारी से लेने का संकल्प रखें यानी काम का सही दाम लें। उन्होंने कहा कि मजदूरों के शोषण के खिलाफ संगठन हमेशा से खड़ा रहा है और खड़ा रहेगा।
ये रहे मौजूद: कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजमहल संथाल परगना कोलियरी कर्मचारी संघ के कैलाश मिश्रा, रविकांत सिंह, गजेंद्र ठाकुर, मुकेश गुप्ता, विपिन चौबे, मनीष भगत सहित केंद्र, यूनिट एवं एरिया के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।