अमरेंद्र और राहुल को कृषि प्रदर्शनी में मिला प्रथम पुरस्कार
जिला कृषि कार्यालय द्वारा आयोजित कृषि मेला सह प्रदर्शनी में समापन दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीकों की जानकारी दी। फसल चक्र अपनाने की विधि वेस्ट डी कंपोजर बनाने की विधि एवं उसके प्रयोग की विधि मिट्टी जांच करने की विधि आदि की जानकारी दी।
जासं, गोड्डा : जिला कृषि कार्यालय द्वारा आयोजित कृषि मेला सह प्रदर्शनी में समापन दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने किसानों को नई तकनीकों की जानकारी दी। फसल चक्र अपनाने की विधि, वेस्ट डी कंपोजर बनाने की विधि एवं उसके प्रयोग की विधि, मिट्टी जांच करने की विधि आदि की जानकारी दी। कृषि सहित जिले में चल रही विभिन्न तरह की कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी दी गई। कृषि प्रदर्शनी में सब्जी उत्पादन और फल उत्पादन में दर्जनों पुरस्कार समूह के किसानों ने जीता और जिले में अपनी उन्नत तकनीक से खेती करने का लोहा मनवाया। साथ ही एफपीओ से जुड़ने का भी लाभ के बारे में किसानों को बताया गया। पुरस्कार पाने वाले में अमरेंद्र कुमार अमर व राहुल कुमार प्रथम स्थान प्राप्त किया। पपीता में प्रमोद कुमार, नारायण कापरी, सब्जियों में कार्तिक मांझी, राम नरेश यादव आदि किसानों ने बेहतरीन उत्पादों का प्रदर्शन किया।
जिला स्तरीय कृषि मेला में किसानों तक योजनाओं की जानकारी व लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा 13 स्टॉल लगाए गए थे। सभी स्टॉल में लोगो को संबंधित विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए लाभ लेने की अपील की गई। इस मौके संयुक्त कृषि निदेशक अजय कुमार सिंह, जिला कृषि पदाधिकारी डॉ रमेश चंद्र सिन्हा सहित अन्य पदाधिकारियों के द्वारा विभिन्न स्टॉलों की जांच कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की गई। मौके पर कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ रविशंकर, जिला उद्यान पदाधिकारी सुनील कुमार, जिला मत्स्य पदाधिकारी मरियम मुर्मू सहित कृषक मित्र एवं ग्रामीण उपस्थित थे ।