खेल से किशोरियों का सर्वांगीण विकास : कालेश्वर
स्वंयसेवी संस्था साथी और टीडीएच की तरफ से जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड में खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन हुआ।
संस,गोड्डा : स्वंयसेवी संस्था साथी और टीडीएच की तरफ से जिले के सुंदरपहाड़ी प्रखंड की कुशमाहा पंचायत अंतर्गत डमरू खेल मैदान में कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गई। कुशमाहा और गोराडीह पंचायत के विभिन्न गांवों की आठ टीमों ने भाग लिया। खेल में डांगापाड़ा की टीम प्रथम स्थान पर रही। खेपाडीह की टीम दूसरे स्थान पर रही। विजेता- उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को संस्था के कालेश्वर मंडल एवं कुशमाहा पंचायत की मुखिया हेलेना हांसदा ने शील्ड देकर सम्मानित किया। कालेश्वर मंडल ने कहा कि यदि किशोरियों को खेल का मौका दिया जाए तो ये उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं। हर किशोरी में उत्कृष्ट प्रदर्शन का जज्बा है। ये निश्चित तौर पर हर स्तर पर आगे आएगी और इससे किशोरियों का सर्वांगीण विकास होगा। इन्होंने कहा कि हम खेल को एक माध्यम बनाकर किशोरियो को शिक्षा, स्वास्थ्य-पोषण और सुरक्षा का पाठ पढ़ाते हैं, ताकि इस कोविड जैसे विषम परिस्थिति में भी किशोरी शिक्षा से जुड़ी रहे और बाल तस्करी, बाल श्रम, बाल विवाह जैसे समस्या से बचा रहे। मुखिया हेलेना हांसदा ने कहा कि साथी का यह प्रयास किशोरियों में एक नई उत्साह और जोश भरने का काम करती हैं। इन्होंने कहा कि बराबर किशोरियों के साथ बैठक कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा होती रहती है। इससे किशोरी काफी जागरूक हुई हैं। डमरू स्वास्थ्य केंद्र के टीकाकरण प्रभारी आशा ने कहा कि किशोरियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। हर किशोरी को हीमोग्लोबिन की जांच करानी चाहिए। कार्यक्रम में दर्जनों किशोरियो ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान किशोरियो ने लैंगिक भेदभाव को समाप्त करने के प्रयास पर एक नुक्कड़ नाटक का मंचन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंच का संचालन सीमा मुर्मू ने किया और कार्यक्रम के आयोजन में जूलियस का सराहनीय सहयोग रहा।