मानदेय के लिए भूख हड़ताल पर महिला सफाई कर्मी
संवाद सहयोगी जमुआ मानदेय के लिए लगातार मुखिया स्कूल और प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट र
संवाद सहयोगी, जमुआ : मानदेय के लिए लगातार मुखिया, स्कूल और प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रही एक महिला सफाई कर्मी ने सोमवार से प्रखंड कार्यालय जमुआ में भूख हड़ताल शुरू की है। अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी मंजू देवी का समर्थन गांव की कुछ महिलाएं और माले नेत्री मिना दास ने किया है।
मंजू देवी के अनुसार उसका चयन उत्क्रमित मध्य विद्यालय बेरहाबाद में सफाई कर्मी के रूप में ग्राम सभा ने वर्ष 2017 में किया था। मार्च 2020 तक उसका मानदेय 42 हजार रुपये हुए, जिनमें मात्र 12500 रुपया का भुगतान उसे एक साल पहले मिला। शेष 29500 रुपये के लिए वह लगातार स्कूल, मुखिया और प्रखंड कार्यालय का चक्कर काट रही है। उसके पति की मौत हो चुकी है। उसके दो बच्चों की परवरिश का एकमात्र सहारा उसका मानदेय है। मानदेय का भुगतान नही होने से उसके समक्ष भुखमरी की नौबत आ गई है। कई बार उसने इस बाबत प्रखंड कार्यालय में आवेदन भी दिया।
गत 8 जनवरी को वह धरना पर बैठने वाली थी। उस वक्त बेरहाबाद के मुखिया ने आश्वासन दिया कि शीघ्र मानदेय का भुगतान कर दिया जाएगा। लेकिन कोई पहल नहीं हुई। एक सप्ताह बाद भी मानदेय नहीं मिलने पर वह भूख हड़ताल पर बैठने को विवश हुई। इस मसले पर विभाग उदासीन है। मौके पर गांव की बसंती देवी, हेमंती देवी, जयंती देवी, शांति देवी, शंकर मोदी, रामेश्वर ठाकुर आदि उपस्थित थे। माले नेताओं ने कहा कि बीडीओ अविलंब उस महिला का मानदेय भगतान कराए वरना पार्टी उग्र आंदोलन को बाध्य होगी।