डीलर सहित चार लोगों की मौत से गांवों में मातम
बेंगाबाद (गिरिडीह) प्रखंड के अलग-अलग गांवों में तबीयत खराब होने से डीलर सहित चार लोगों
बेंगाबाद (गिरिडीह) : प्रखंड के अलग-अलग गांवों में तबीयत खराब होने से डीलर सहित चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में दो युवक भी शामिल हैं। लोगों की मौत से संबंधित गांवों में मातम छा गया है। बेंगाबाद पंचायत के फुरसोडीह गांव निवासी स्वयं सेवक सह किसान मित्र मनोज मंडल की मंगलवार को तबीयत खराब हो गई। स्वजन उसे इलाज के लिए धनबाद के एक अस्पताल ले गए, जहां बुधवार को अहले सुबह उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। उसके निधन पर पंचायत स्वयं सेवक संघ के प्रखंड अध्यक्ष धीरज यादव आदि ने शोक व्यक्त किया है। ओझाडीह पंचायत के कारगालंओ गांव निवासी 35 वर्षीय अनिल टुडू धनबाद की एक संस्था में चालक का काम करता था। मंगलवार शाम उसकी तबीयत बिगड़ने पर उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, बुधवार की सुबह उसकी मौत हो गई। मानजोरी पंचायत के चक्रदाहा निवासी 50 वर्षीय डीलर व्यास पाठक की भी मौत हो गई। पिछले एक सप्ताह से उसकी तबीयत खराब थी। मंगलवार रात उसकी तबीयत अधिक खराब हो गई, जिससे उसकी मौत हो गई। बड़कीटांड़ गांव निवासी नबी मियां की मौत बुधवार सुबह हो गई। वह कुछ दिनों से बीमार चल रहा था। कोरोना संक्रमण के दौर में चार लोगों की मौत से ग्रामीणों में दहशत है। मृतकों के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।