बार एसोसिएशन चुनाव में जमकर पड़े वोट
गिरिडीह बार एसोसिएशन कार्यकारिणी का चुनाव शुक्रवार दोपहर दो बजे समाप्त हो गया। इस दौर
गिरिडीह : बार एसोसिएशन कार्यकारिणी का चुनाव शुक्रवार दोपहर दो बजे समाप्त हो गया। इस दौरान करीब 91 फीसद वोट पड़े। मतदाता सूची में सात सौ 43 सदस्यों का नाम दर्ज था, जिनमें छह सौ 80 अधिवक्ताओं ने अपने मतों का प्रयोग किया। मतदान सुबह निर्धारित समय साढ़े सात बजे शुरू हो गया जो लगातार दो बजे तक चला। सुबह मतदान धीमी गति से शुरू हुआ। सुबह साढ़े नौ बजे तक दो सौ 47 लोगों ने मतदान किया। जैसे ही दिन चढ़ता गया मतदान करने को सदस्य झुंड के झुंड वहां पहुंचने लगे। इस चुनाव में तीन अन्य अनुमंडल खोरीमहुआ, सरिया और डुमरी के मतदाता अधिवक्ताओं ने भी हिस्सा लिया। मतदान करनेवालों में बार एसोसिएशन के सदस्य सह राज्य के पूर्व मंत्री चंद्रमोहन प्रसाद, पूर्व विधायक ओमीलाल आजाद के अलावा कई बुजुर्ग अधिवक्ता व महिला सदस्य भी शामिल थे। मतदान केंद्र के बाहर टेंट लगाकर अधिवक्ताओं के बैठने की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान एक-दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी भी आपस में हंसी मजाक करते नजर आए। इस दौरान करीब 11 बजे एक साथ ज्यादा वोटरों के पहुंच जाने पर उन्हें शारीरिक दूरी का ध्यान रखते हुए बाहर वेटिग हॉल में बैठाया गया। जैसे ही चुनाव हाल से मतदाता निकलते थे तो ही दूसरे को प्रवेश करने दिया जाता था। चुनाव संपन्न कराने स्टेट बार काउंसिल से दो पर्यवेक्षकों को भेजा गया था। इसमें स्टेट बार काउंसिल के सदस्य बालेश्वर प्रसाद सिंह और मृत्युंजय कुमार श्रीवास्तव लगातार चुनाव पर नजर बनाए हुए थे। चुनाव समिति के सदस्य बीरेंद्र कुमार राय और वोलेंटियर लगातार मतदाताओं को माइक से गाइडलाइंस बता रहे थे। मतदान केंद्र में प्रवेश करने से पूर्व वोटरों का मोबाइल गेट के पास जमा लिया जा रहा था। वहीं प्रत्याशी मेन गेट और सड़क पर तैनात थे जो मतदान करने आने वाले वोटरों को अपने पक्ष में मत देने की अपील कर रहे थे। इस दौरान मेन गेट पर भारी भीड़ जमा हो गई थी।