विस समिति ने की कार्यो की समीक्षा, त्रुटियों को सुधारने का निर्देश
गिरिडीह विधानसभा की जिला परिषद एवं पंचायती राज की संयुक्त टीम शनिवार को गिरिडीह पहुं
गिरिडीह : विधानसभा की जिला परिषद एवं पंचायती राज की संयुक्त टीम शनिवार को गिरिडीह पहुंची। यहां टीम ने विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यो की समीक्षा की। साथ ही कई निर्देश दिए। पेयजल एवं स्वच्छता, भवन प्रमंडल, पीडब्ल्यूडी, शिक्षा, विद्युत आदि विभागों के कार्यो की समीक्षा की। खबर लिखे जाने तक बैठक जारी थी।
समिति के अध्यक्ष गांडेय विधायक डॉ. सरफराज अहमद ने बताया कि समीक्षा के क्रम में पता चल रहा है कि कुछ चीजें अच्छी हुई हैं तो कहीं त्रुटियां और गड़बड़ियां भी हैं, जिन्हें दूर करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया जा रहा है। भवन और रोड से संबंधित काफी काम लंबित हैं। जमुआ रोड की मरम्मत शुरू हुई है, लेकिन ठीकेदार की तबीयत खराब हो जाने के कारण दो सड़कों का काम शुरू नहीं हो पाया है। ठीकेदार की तबीयत खराब होने के कारण उसरी नदी में भी पुल निर्माण कार्य बंद था, जिसे आज से शुरू कर दिया गया है। साल के अंत तक इसका निर्माण पूर्ण हो जाएगा। बिजली की स्थिति में काफी सुधार हुआ है। संबंधित विभाग ने इसमें और सुधार करने की बात कही है। समिति के सदस्य अमित मंडल ने बताया कि समिति प्रत्येक जिला में जाकर कार्यो की समीक्षा कर रही है। इसका उद्देश्य कार्यो की गुणवत्ता में सुधार लाना और योजनाओं को गति देना है। कोरोना के कारण काफी काम प्रभावित हुए हैं, लेकिन अब सभी कार्यो में गति आई है। गर्मी आने तक पेयजल समस्या का समाधान कर लेना है। इसके लिए 14वें और 15वें वित्त की राशि का उपयोग करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया गया है। नाली व गली के बजाए इस राशि का उपयोग ऐसे कार्यो में करना है, जिससे लोगों के जीवन स्तर में सुधार और उनकी मूलभूत समस्याओं का समाधान हो। बैठक में उप विकास आयुक्त शशि भूषण मेहरा के अलावा अन्य विभागों के पदाधिकारी शामिल थे।