तिसरी के दो भाई दो दिनों से लापता, अगवा की आशंका
तिसरी (गिरिडीह) पंदनाटांड़ निवासी अंशु कुमार व चंदन कुमार पिछले दो दिनों से गायब हैं।
तिसरी (गिरिडीह): पंदनाटांड़ निवासी अंशु कुमार व चंदन कुमार पिछले दो दिनों से गायब हैं। दोनों को अगवा कर लिए जाने का आशंका है। तिसरी से लेकर बिहार के जमुई जिले की पुलिस दोनों भाइयों की तलाश कर रही है। हालांकि जमुई एवं गिरिडीह जिले की पुलिस के बीच यह मामला फंसा हुआ है। कहीं भी अब तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। दोनों भाइयों का कुछ भी पता नहीं चल सका है। इधर उनके दो दिनों से लापता होने से उनके स्वजन व पत्नी का रो रोकर बुरा हाल है। अंशु तिसरी के चंदौरी में फास्ट फूड का दुकान चलाता है जबकि उसका भाई चंदन कुमार मुंबई में होटल चलाता है।
बुधवार की सुबह दोनों भाई राजधनवार के डोरंडा किसी से पैसा लाने बाइक से गए थे। शाम तक घर लौटने की बात कहकर निकले थे। देर रात तक जब दोनों नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू हुई। दो बजे के बाद दोनों का फोन नहीं लगने लगा। इधर बुधवार को बिहार के गरही डैम से पानी की निकासी होने के रास्ते पर गायब युवक चंदन का पर्स मिलने पर स्वजन काफी चितित हो गए। उनकी तलाश के लिए जमुई के खैरा थाना में लापता युवक के मामा प्रमोद बरनवाल ने आवेदन दिया। क्षेत्र नहीं होने की बात कहकर खैरा थाना पुलिस ने तिसरी थाना भेज दिया। इधर स्वजन खैरा थाना में ही कार्रवाई के लिए पुलिस से गुहार लगा रहे हैं। चंदन की पत्नी प्रिया देवी ने बताया कि मंगलवार को वे पैसा लाने डोरंडा गए थे। रात को जब वे घर नहीं आए तो चिता होने लगी। सुबह हमलोगों ने उनकी काफी खोजबीन की। बुधवार को गरही डैम के पास पर्स मिलने की सूचना फोन से मिलने पर मामा प्रमोद बरनवाल व स्वजन गरही गए ओर पर्स ले लिया जो चंदन का था। पिता मुरारी बरनवाल दिव्यांग हैं। इधर किसी ने मंगलवार को बताया कि बदिलडीह पुल पर दोनों को देखा गया था। तिसरी थाना प्रभारी पीकू प्रसाद ने बताया कि आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलते ही पड़ताल की जाएगी।
विदित हो कि बिहार से सटे तिसरी इलाके में अपहरण करने वाले लोग सक्रिय हैं। पूर्व में भी अपहरण के कई मामले हुए थे। पूरा गिरोह बिहार के अपराधियों का था। स्थानीय अपराधियों के सहयोग से अपहरण कांड को अंजाम दिया गया था। इसे देखते हुए पुलिस भी सतर्क है।