भूख हड़ताल पर बैठी जलसहियाएं
जागरण संवाददाता गिरिडीह अपनी मांगों के समर्थन में शनिवार को जिले की जलसहियाओं ने पे
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : अपनी मांगों के समर्थन में शनिवार को जिले की जलसहियाओं ने पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल-1 व 2 कार्यालय के समक्ष भूख हड़ताल पर बैठ गई।
इस दौरान बताया कि जलसहिया को 11 माह से मानदेय नहीं मिला है। प्रोत्साहन राशि का भुगतान भी अधर में है। मानदेय, प्रोत्साहन राशि सहित अन्य मांगों को लेकर इनलोगों ने आंदोलन का रुख अख्तियार कर लिया है। यहां से आवाज बुलंद कर दी है। झारखंड राज्य जल सहिया कर्मचारी संघ के बैनर तले सभी ने पहले रैली निकाली। इसके बाद नारे लगाते हुए टावर चौक पहुंची। साथ ही मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर रहने की चेतावनी दी।
संघ के संरक्षक अशोक कुमार सिंह ने कहा कि 11 माह से लंबित मानदेय का भुगतान सहित अन्य मांगों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है। वर्षो से प्रोत्साहन व कमीशन की राशि का भी भुगतान नहीं किया गया है। यह केंद्र सरकार की योजना है। विभाग को सरकार से सारा पैसा मिल गया है। बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा है। कार्यशाला और वाउचर के नाम पर पैसे की बंदरबांट की जा रही है।
मौके पर संघ के प्रदेश अध्यक्ष एतवारी महतो, प्रदेश महामंत्री गायत्री देवी, जिलाध्यक्ष दिव्या देवी के अलावा पूर्णिमा देवी, सरिता देवी, सितारा परवीन, पूनम पांडेय, मोनिका दास, सुशीला हेम्ब्रम, नीतू देवी आदि उपस्थित थे।