चालक को झपकी आने के कारण हुए हादसे, 10 लोग घायल
प्रखंड के दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में बच्चा व महिला समेत 10 लोग घायल हो गए।
संवाद सहयोगी, बिरनी (गिरिडीह): प्रखंड के दो अलग-अलग स्थानों पर मंगलवार को सड़क दुर्घटना में बच्चा व महिला समेत 10 लोग घायल हो गए। सभी का इलाज बिरनी अस्पताल में किया गया। गंभीर हालत देखते हुए उनमें से 4 लोगों को बाहर रेफर कर दिया गया। दोनों घटना वाहन के चालक को नींद आ जाने से हुई है।
पहली घटना डबरसैनी मोड़ से लगभग तीन सौ मीटर दूर चितरना के पास हुई। मारुति कार से सभी शादी समारोह में भाग लेने थाना क्षेत्र के नीमसिघा जा रहे थे। इसी बीच वाहन ने अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे एक पेड़ में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन पलट गया। इससे उसमें सवार एक ही परिवार के चालक समेत 6 लोग घायल हो गए। घायलों में 27 वर्षीय संदीप साव, उसकी पत्नी 24 वर्षीय पूनम देवी, छह वर्षीय पुत्री संजना कुमारी, चार वर्षीय श्वेता कुमारी, 20 वर्षीय लीलावती देवी, उसकी पांच माह की पुत्री खुशबू कुमारी शामिल हैं। सभी का इलाज बिरनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया। वहां से गंभीर रूप से घायल लीलावती देवी व श्वेता कुमारी को गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया गया।
तिसरी थाना क्षेत्र के मोदीबीघा निवासी संदीप साव अपने परिवार के साथ साले की शादी में अपने ससुराल थाना क्षेत्र के नीमासिघा बहादुर साव के घर जा रहा था।
दूसरी घटना राजधनवार थाना क्षेत्र के लोहरा नावाडीह में घटी। एक कार अनियंत्रित होकर दीवार से जा टकराई। इससे वाहन में सवार 40 वर्षीय महेश प्रसाद, उनकी पत्नी 35 वर्षीय किरण देवी, 10 वर्षीय पुत्री गायत्री व आठ वर्षीय पुत्र पवन घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने इलाज के लिए उन्हें बिरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। गंभीर रूप से घायल पति पत्नी को बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है। महेश प्रसाद ने बताया कि वे नावागढ़चट्टी से अपने रिश्तेदार के घर से शादी समारोह में भाग लेकर वापस अपने घर बेरमो फुसरो लौट रहे थे। इसी बीच लोहरा नावाडीह के पास उनकी आंख लग गई। हादसे के बाद पुलिस पदाधिकारी गंदूर उरांव वाहन को थाना ले गए।