हत्या के आरोप में एक ही परिवार के सात लोगों को मिली आजीवन कारावास की सजा
अदालत ने सोमवार को राजेश यादव की हत्या करने वाले एक ही परिवार के सात लोगो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
गिरिडीह, जागरण संवाददाता। जिला जज कुमार दिनेश की अदालत ने सोमवार को राजेश यादव की हत्या करने वाले एक ही परिवार के सात लोगो को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही सभी सातों हत्यारों को 25-25 हजार रुपए जुर्माना भी लगाया है। जिन्हें सजा सुनाई गई है वे सचिन यादव,विक्की यादव,चीकू यादव,संजय उर्फ बाबू यादव,पुड़िया यादव, तितु यादव और राजेश यादव हैं।
इनमें से सचिन यादव घटना के बाद से ही जेल में बंद हैं। वही अन्य न्यायालय से जमानत पर बाहर थे। न्यायालय ने गुरुवार को ही सभी सातों अभियुक्तों को दोषी करार दिया था। दोषी करार देने के साथ ही सभी को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर सेंट्रल जेल गिरिडीह भेज दिया था।
सजा सुनाने के लिए सातों को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सोमवार की सुबह जेल से अदालत लाया गया था। अभियोजन पक्ष ने जहां सातों को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की वहीं बचाव पक्ष ने कम से कम सजा देने की अपील की। दोनों पक्षों को सुनने के बाद अदालत ने अपना फैसला सुनाया। इस मामले में एपीपी मनोज सिंह और अधिवक्ता अजय कुमार सिन्हा मंटू ने गवाहों का परीक्षण कराया व बहस की थी जबकि बचाव पक्ष से अधिवक्ता भरतनाथ सिंह आदि ने पैरवी की थी।
विदित हो कि 27 मार्च 2013 को शहर के स्टेशन रोड स्थित अंटा बंगला मैदान में राजेश यादव की बेरहमी से पीट-पीटकर अधमरा कर दिया गया था। इलाज के दौरान रिम्स में उसकी मौत हो गयी थी। पूर्व में हुई मारपीट का बदला लेने के लिए यह हत्या की गयी थी।
इस कांड को सूचक किशोर यादव ने पुलिस को बयान देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। कहा था कि उसका छोटा भाई राजेश यादव घटना के दिन शाम 5 बजे गाय लेकर अंटा बंगला गया था।उस दिन होली का त्योहार था।इसी बीच राजेश को अकेला पाकर सभी लोग घातक हथियार लेकर घेर लिए और बेरहमी से पिटाई करने लगे। इससे उसका सर फट गया।साथ ही पैर हाथ की हड्डियां तोड़ दी गई थी।
घटना की सूचना पाते ही सूचक वहां गया तो देखा सभी लोग मिलकर उसे जान मारने की नीयत से मार रहे हैं।बचाने पर उसे भी दौड़ाया। गंभीर रूप से घायल राजेश को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया।डॉक्टर ने उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रांची भेजा। जहां इलाज के दौरान उसी रात उसकी मौत हो गई।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप