सामूहिक प्रयास का नतीजा है सरिया पावर ग्रिड
सरिया (गिरिडीह) झारखंड ऊर्जा संचरण लिमिटेड द्वारा सरिया में लगभग 75 करोड़ रुपये की ल
सरिया (गिरिडीह): झारखंड ऊर्जा संचरण लिमिटेड द्वारा सरिया में लगभग 75 करोड़ रुपये की लागत से पावर ग्रिड बनाकर तैयार कर दिया गया है। लगभग सवा 10 एकड़ क्षेत्र में फैले इस पावर ग्रिड से सरिया, बिरनी, नवागढ़चट्टी, पीरटांड़, केसवारी तथा चिचाकी स्थित पावर सबस्टेशन को विद्युत आपूर्ति की जाएगी। वहां के लाखों उपभोक्ताओं को लगभग 22 घंटे नियमित बिजली मिल सकेगी। बताते चलें कि तत्कालीन सांसद रवींद्र कुमार राय, वर्तमान विधायक विनोद कुमार सिंह, तत्कालीन विधायक नागेंद्र महतो आदि के प्रयास से सरिया में विद्युत पावर ग्रिड बनाने की मांग की गई थी। इसके लिए वर्ष 2013 में गिरिडीह के तत्कालीन उपायुक्त दीप्रभा लकड़ा तथा सरिया के तत्कालीन बीडीओ निर्भय कुमार ने उक्त योजना को सरकार के पास भेजकर स्वीकृति दिलाई थी। भूमि की व्यवस्था करने के बाद वन विभाग से एनओसी मिलने में देर हुई। एनओसी मिलने के बाद इस कार्य के लिए निविदा वर्ष 2016 में हुई। इसका निर्माण कार्य 2017 से प्रारंभ हुआ जो सितंबर 2019 में संपन्न हो गया। बताया जाता है कि गिरिडीह से ट्रांसमिशन लाइन द्वारा 132/33 एमबीए ऊर्जा सरिया पावर ग्रिड को मिलेगी जहां से उक्त सभी पावर सबस्टेशनों को इसकी आपूर्ति की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में वर्षो से लंबित सरियावासियों की मांग पावर ग्रिड सब स्टेशन का शुभारंभ होने की खबर है। इससे सरिया समेत आसपास के कई प्रखंड के लोगों में खुशी का माहौल देखा जा रहा है। बताते चलें कि बिरनी प्रखंड में बिजली की इतनी लचर व्यवस्था कायम है कि लोगों को दिनभर में शायद ही दो-चार घंटे बिजली मिल पाती होगी। यही हाल कमोबेस अन्य प्रखंडों का है जहां बिजली रानी के दर्शन हो पाते हैं। ऐसे में सरिया पावर ग्रिड के चालू हो जाने से अब इस क्षेत्र के निवासियों को दिनभर बिजली मिल पाएगा। वहीं उपभोक्ताओं को 20 से 22 घंटे बिजली मिलने से कई प्रकार के कुटीर उद्योग को बढ़ावा मिलेगा।