एक डीलर निलंबित, तीन को शोकाज
गिरिडीह जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. सुदेश कुमार ने गुरुवार को कई जन वितरण प्रणाली द
गिरिडीह : जिला आपूर्ति पदाधिकारी डॉ. सुदेश कुमार ने गुरुवार को कई जन वितरण प्रणाली दुकानों का औचक निरीक्षण कर आधार सीडिग सहित खाद्यान्न वितरण आदि का जायजा लिया। उनके साथ एमओ राजीव कुमार भी थे। इस क्रम में दुकानों में कई गड़बड़ियां और अनियमिताएं पाई गई। इसे लेकर एक डीलर की अनुज्ञप्ति निलंबित कर दी गई है, वहीं तीन को शोकाज किया गया है।
डीएसओ ने सदर प्रखंड अंतर्गत पिडाटांड़, सुग्गासार, परसाटांड़, पचंबा आदि जगह कई पीडीएस दुकानों का निरीक्षण किया।
एसडीओ सबसे पहले पिडाटांड़ स्थित सहदेव तुरी की पीडीएस दुकान पहुंचे। वहां उन्होंने डीलर से आधार सीडिग के बारे में जानकारी ली। आधार सीडिग में तेजी लाते हुए दो दिन के अंदर इसे पूर्ण करने का निर्देश दिया। इसके बाद आंबेडकर महिला समूह की ओर से संचालित दुकान गए। वहां भी खाद्यान्न वितरण, आधार सीडिग आदि के बारे में जानकारी ली। आधार सीडिग में शिथिलता एवं अन्य अनियमितताओं को लेकर डीलर को शोकाज किया। इसके बाद सुग्गासार में महिला विकास समिति की पीडीएस दुकान पहुंचे, जहां काफी कुव्यवस्था देखने को मिली। दुकान में न कोई बोर्ड लगा था और न ही सूचना पट। संचालक ने एक नए मकान में दुकान चलाने की बात कही, लेकिन वहां दुकान चलने से संबंधित कोई साक्ष्य देखने को नहीं मिला। साथ ही उस मकान में फर्नीचर बनाने का काम चल रहा था। इसे लेकर डीलर के लाइसेंस को तत्काल निलंबित करते हुए कार्डधारियों को नजदीक के डीलर से संबंद्ध कर दिया।
वहां से वे परसाटांड़ के डीलर सरयू महतो और नंदलाल महतो की दुकान पहुंचे, लेकिन दोनों दुकान बंद मिली। इसे लेकर दोनों को शोकाज किया गया। डीएसओ ने बताया कि शोकाज का सही जवाब नहीं मिलने पर संबंधित डीलरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बख्शे नहीं जाएंगे कोताही बरतने वाले डीलर : डीएसओ ने बताया कि डीलरों की काफी शिकायतें मिल रही है। पूरे माह तक दुकानों का औचक निरीक्षण करने का अभियान जारी रहेगा। इस क्रम में गड़बड़ी करने और कोताही बरतनेवाले डीलरों पर कार्रवाई की जाएगी। डीलरों को आधार सीडिग कार्य में तेजी लाकर इसे दो दिन के अंदर पूर्ण करना है। यदि इसमें किसी को कोई तकनीकी परेशानी हो रही है तो जिला कार्यालय से संपर्क करें, उसे दूर किया जाएगा।
चीनी वितरण के लिए जमा करें राशि :
उन्होंने बताया कि अंत्योदय कार्डधारियों के बीच चीनी का वितरण करना है। इसके लिए सभी डीलरों को पूर्व में उपलब्ध कराए गए बैंक खाता संख्या में दो दिन के अंदर एनईएफटी के माध्यम से पैसा जमा करने का निर्देश दिया गया है। इसका पालन नहीं करनेवाले डीलरों पर भी कार्रवाई की जाएगी।