जमीन को लेकर भाइयों में झड़प, बड़े भाई की हत्या
बेंगाबाद ( गिरिडीह ) जमीन विवाद को लेकर गुरुवार को कर्णपुरा में सहोदर भाइयों के बीच
बेंगाबाद ( गिरिडीह ) : जमीन विवाद को लेकर गुरुवार को कर्णपुरा में सहोदर भाइयों के बीच हिसक झड़प हुई। इस घटना में बड़े भाई सेवानिवृत्त कोलियरी कर्मी राजकुमार यादव की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना में मृतक की पत्नी, पुत्र व पुत्री भी घायल हुए हैं। घायलों का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है।
बताया जाता है कि राजकुमार यादव कर्णपुरा मामा घर में अपना मकान बना कर वर्षो से रह रहे थे। उनके अन्य दो भाई गोलू यादव और कारू यादव अपने पैतृक गांव बनियाडीह सेंट्रल पीट में रहते हैं। भाइयों के बीच वर्षो से जमीन विवाद चल रहा था। कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का हल नहीं हो पाया था। राजकुमार यादव धनबाद की एक कोलियरी में काम करते थे। लगभग एक माह पूर्व वह सेवानिवृत्त हुए थे। वह घर के पास ही नया मकान बना रहे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद दोनों भाई गुरुवार को अपने स्वजनों के साथ कर्णपुरा पहुंचे और मकान बनाने का विरोध किया। इसी बात पर भाइयों के बीच झड़प हो गई। बड़े भाई राजकुमार यादव पर रड से प्रहार किया गया। इससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना में मृतक की पत्नी भुषिया देवी, पुत्र दिनेश यादव और बेटी छोटी कुमारी घायल हो गए हैं। सूचना पर बेंगाबाद थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और सभी को इलाज के लिए बेंगाबाद अस्पताल लाया, जहां राजकुमार को मृत घोषित कर दिया गया।
मृतक की एक बेटी है दिव्यांग :
राजकुमार यादव के एक पुत्र और चार बेटी हैं। दो बेटी की शादी हो चुकी है। एक बेटा और दो बेटी अविवाहित हैं। एक बेटी दिव्यांग है। वह बिस्तर पर ही पड़ी रहती है। घर के कमाऊ सदस्य की हत्या हो जाने से स्वजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
वर्जन
भाइयों के बीच जमीन विवाद में एक भाई की हत्या हुई है। घटना के बाद आरोपित फरार हैं। गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
कमलेश पासवान, थाना प्रभारी, बेंगाबाद