झारखंड के गिरिडीह में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म
अल्पसंख्यक समुदाय की नाबालिग किशोरी के साथ तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया।
गिरिडीह, जागरण संवाददाता। बेंगाबाद (गिरिडीह, झारखंड) में अल्पसंख्यक समुदाय की नाबालिग किशोरी के साथ मंगलवार की सुबह तीन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। किशोरी ने विरोध किया तो उसके हाथ पांव बांध कर गलत काम किया गया। किशोरी बेहोश हो गई तो उसे सड़क के किनारे फेंक कर युवक भाग गए।
किशोरी के परिजन गुस्से में हैं। मगर वे पुलिस के पास नहीं जाना चाहते। डर है कि इससे बात और फैलेगी। किशोरी के परिवार के लोग दुष्कर्म करने वालों से खुद बदला लेने को आतुर हैं। बेंगाबाद के एक गांव में 10वीं कक्षा में पढ़ने वाली किशोरी अपने पुराने घर से नए घर जा रही थी। बोलेरो गाड़ी पर सवार तीन युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया। जबरन गाड़ी में ले गए। फिर कुछ दूर आगे जाकर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।
किशोरी ने यथासंभव प्रतिरोध किया। वह काफी देर होने पर भी घर नहीं आई तो परिजनों ने खोजना शुरू किया। बाद में उसे सड़क पर बेहोशी की हालत में पाया। होश में आई तो घर वालों को घटना के बारे में बताया। फिर परिजनों ने गिरिडीह में किशोरी का इलाज कराया। स्थानीय लोगों के मुताबिक जहां पर दुष्कर्म की घटना हुई है, वहां पर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। अगर पुलिस चाहे तो इसके जरिये सच्चाई जान सकती है।
नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत थाना में नहीं की गई है। यह मामला संज्ञान में आएगा तो पुलिस अवश्य कठोर कार्रवाई करेगी।
मुहम्मद फैज रब्बानी, थाना प्रभारी, बेंगाबाद।