छात्रा को अगवा कर सामूहिक दुष्कर्म, एक सप्ताह बाद प्राथमिकी Giridih News
डुमरी थाना में गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। दोनों आरोपित फरार हैं। मामला तीस जनवरी की देर रात का है।
गिरिडीह, जेएनएन। डुमरी थाना क्षेत्र के उत्तराखंड में नवम वर्ग की 15 वर्षीय छात्रा को अगवा कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। इस मामले में छात्रा की शिकायत पर डुमरी थाना अंतर्गत नागाबाद पंचायत के पूरनी भंडारो निवासी अरविंद मंडल एवं अविनाश मंडल के खिलाफ पोक्सो एक्ट के तहत दुष्कर्म की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
डुमरी थाना पुलिस ने गुरुवार को प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। दोनों आरोपित फरार हैं। मामला तीस जनवरी की देर रात की है। घर में श्राद्ध कार्यक्रम के कारण पीड़िता ने करीब एक सप्ताह बाद प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी में बताया है कि घर में शौचालय नहीं रहने के कारण वह 30 जनवरी की रात्रि लगभग साढ़े बारह बजे घर बाहर शौच के लिए निकली थी। इसी दौरान अरविंद मंडल व अविनाश मंडल एक मारूति वैन से आए और उसे अगवा कर ले गए। जब उसने शोर मचाना चाहा तो अविनाश ने उसे तमाचा मार दिया। उसने किसी तरह से शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण वाहन के पीछे दौड़े। तब तक दोनों युवक वाहन को तेज भगाते हुए लगभग दो किलोमीटर दूर जंगल में ले गए और बारी-बारी से उसके साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच ग्रामीणों को आते देख दोनों वाहन लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी रात्रि लगभग डेढ़ बजे उसने अपने घरवालों को दी। घर में श्राद्ध कार्यक्रम होने के कारण मामले की जानकारी तत्काल थाना को नहीं दे पाई।