कोडरमा से माले प्रत्याशी राजकुमार ने पर्चा भर खोला खाता
लोकसभा चुनाव को ले नामांकन के दूसरे दिन गुरुवार को कोडरमा लोस से भाकपा मले के प्रत्याशी राजकुमार यादव ने नोमिनेशन कराया।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: लोकसभा चुनाव को लेकर नामांकन के दूसरे दिन गुरुवार को कोडरमा लोस से भाकपा माले के प्रत्याशी राजकुमार यादव ने नामांकन कराया। उन्होंने निर्वाची पदाधिकारी सह उपायुक्त राजेश कुमार पाठक को एक सेट में अपना नामांकन का पर्चा सौंपा। उनके साथ निरसा विधायक अरूप चटर्जी, पूर्व विधायक विनोद सिंह, माले नेता राजेश यादव, राजेश सिन्हा आदि पहुंचे थे। नामांकन के बाद उन्होंने झंडा मैदान में सभा को संबोधित किया।
नामांकन कराने के बाद यादव समर्थकों के साथ सबसे पहले आंबेडकर चौक पहुंचे और बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। फिर उन्होंने टावर चौक पहुंच जय प्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके पूर्व पत्रकारों से बातचीत करते हुए यादव ने भाजपा और झाविमो सुप्रीमो सह कोडरमा से महागठबंधन के प्रत्याशी बाबूलाल मरांडी पर जमकर हमला बोला। कहा कि 2014 में भाजपा महंगाई, भ्रष्टाचार मुक्त शासन देने, कालाधन वापस लाने जैसे वादे कर सत्ता में आई थी, लेकिन मोदी सरकार सभी मुद्दों पर विफल रही है। कोई काम नहीं किया उल्टे नोटबंदी और जीएसटी से देश को तबाह कर दिया। देश संस्थाओं पर हमला किया जा रहा है। भाजपा संविधान बदलना चाहती है। लोकतंत्र खतरे में है। सुप्रीम कोर्ट द्वारा राफेल घोटाला स्वीकार करने के बाद साफ हो गया कि मोदी सरकार भ्रष्टाचार में लिप्त है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर इस बार भाजपा को जनता सबक सिखाएगी। कोडरमा की जनता बदलाव के मूड में है। पलायन, बेरोजगारी, महंगाई आदि झारखंड का सबसे बड़ा मुद्दा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर माले चुनाव लड़ रही है। कहा कि भाजपा के सांसद इतने कमजोर साबित हुए कि पार्टी को कोडरमा से प्रत्याशी बदलना पड़ा। दूसरे दल को तोड़कर भाजपा यहां प्रत्याशी दे रही है। झाविमो सुप्रीमो भी 10 साल तक कोडरमा के सांसद रहे, लेकिन उन्होंने भी कुछ नहीं किया।