सड़क दुर्घटना में तीन महिला सहित पांच घायल
संस गांडेय गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग में गांडेय के धोबिया मोड़ के पास शुक्रवार को एक
संस, गांडेय : गिरिडीह-जामताड़ा मुख्य मार्ग में गांडेय के धोबिया मोड़ के पास शुक्रवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पुलिया से टकरा गई। इससे उसमें सवार तीन महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। ग्रामीणों व पुलिस की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भेजा गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया गया। घायलों में 60 वर्षीय धरमी देवी, 40 वर्षीय देवती देवी, 24 वर्षीय आरती देवी, 23 वर्षीय विजय यादव और 17 वर्षीय बीरेन्द्र यादव शामिल हैं। सभी घायल एक ही परिवार के सदस्य हैं। वे जामताड़ा जिला के करमाटांड़ थाना क्षेत्र के गांवाटांड़ गांव के रहने वाले हैं। जानकारी के अनुसार विजय यादव कार संख्या जेएच 10 एडी 8214 को भाड़े में लेकर पत्नी का इलाज कराने पूरे परिवार के साथ महेशमुंडा मिशन अस्पताल आया था। वहां से वापस लौटने के क्रम में चालक ताड़ी पीकर कार चलाने लगा। नशे में चालक तेजी से वाहन चला रहा था। धोबिया मोड के पास तीखी मोड़ में वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित पुलिया से टकरा गई। इससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक फरार हो गया।