प्रेमी संग युवती फरार, बैरंग लौट गई बरात
दुल्हन प्रेमी के साथ फरार हो गई और बरात बिना दुल्हन के लौट गई।
संवाद सहयोगी, खोरीमहुआ (गिरिडीह)। शादी के ठीक पहले दुल्हन अपने प्रेमी के साथ फरार हो गई। बरात बिना दुल्हन के लौट गई। ग्रामीणों ने दूसरे दिन युवक को पकड़ कर पिटाई पर उतारू हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस के वाहन पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस मामले में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया है। घटना धनवार थाना क्षेत्र की है।
नवागढ़ थाना क्षेत्र में मंगलवार रात हीरोडीह थाना क्षेत्र के एक गांव से बारात आई थी। लड़की वाले मेहमानों की खातिरदारी में जुट गए। इसी बीच, युवती पडोसी गांव के युवक साथ फरार हो गई। लड़की के फरार होने की जानकारी बराती पक्ष के लोगों को भी हो गई थी। युवक-युवती की अलग जाति के कारण ग्रामीण आक्रोशित हो गए। सुबह होते ही युवती के परिजन और ग्रामीणों ने प्रेमी युगल को गांव से दूर कपिलो से बरामद कर लाया। ग्रामीणों ने लड़की को भगा ले जाने की बात को प्रतिष्ठा का सवाल बना दिया। लोग युवक के साथ मारपीट पर उतारू हो गए। हालांकि मुखिया संजय साव की पहल पर युवक को एक कमरे में सुरक्षित बंद कर प्रशासन को सूचना दी गई।
सूचना पाकर वहां पहुंची पुलिस के वाहन पर किसी ने पत्थर चला दिया, जिससे वाहन का शीशा टूट गया। इसके बाद गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। इस मामले में युवती एवं एक महिला सहित इन्द्रदेव साव, महेंद्र दास, अजय कुमार, राहुल दास, मुकेश कुमार और कामेश्वर पंडित को पुलिस ने हिरासत में ले रखा है। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी का आवेदन मिलने पर क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मंदिर में रचाई शादी
बिरनी थाना क्षेत्र के युवक-युवती ने बुधवार को जमुआ प्रखंड के झारखंडधाम में शादी रचा ली। युवती ने बताया कि उन दोनों के परिजनों ने उनका रिश्ता लगभग नौ माह पहले तय कर दिया था। उसके चाचा-चाची इस शादी को नहीं होने देना चाहते थे। वे दोनों इस बीच काफी करीब आ गए थे और उन्हें शादी टूट जाने का डर लग रहा था।
इस कारण दोनों बुधवार की सुबह लगभग 8 बजे कॉलेज जाने की बात कहकर अपने-अपने घर से निकले और मंदिर में जाकर शादी रचा ली।