यज्ञ विज्ञान से कोरोना को भगाएगा गायत्री परिवार
गिरिडीह अखिल विश्व गायत्री परिवार की गूगल मीट के माध्यम से शनिवार को ऑनलाइन जिला स्तरीय
गिरिडीह : अखिल विश्व गायत्री परिवार की गूगल मीट के माध्यम से शनिवार को ऑनलाइन जिला स्तरीय गोष्ठी हुई, जिसमें 26 मई की सुबह नौ बजे से 11 बजे तक पूरे भारत में एक साथ एक समय होने जा रहे गायत्री महायज्ञ के संबंध में चर्चा की गई। पूरे विश्व में सहित भारत में कोरोना महामारी का प्रकोप फैला हुआ है । अखिल विश्व गायत्री परिवार यज्ञ विज्ञान से पूरे वातावरण को शुद्ध करने का प्रयास कर रहा है। इसी के तहत यह आयोजन पूरे भारत में किया जा रहा है। जड़ी-बूटी से युक्त हवन सामग्री से यज्ञ करने से वातावरण में फैले विषाणु कीटाणु नष्ट होते हैं और वातावरण शुद्ध होता है। गिरिडीह जिले के 13 प्रखंडों में ज्यादा से ज्यादा घरों में इस आयोजन को करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए सोशल मीडिया वाट्सएप एवं फोन से लोगों से अपने-अपने घरों में अग्नि प्रज्ज्वलित कर आसपास उपलब्ध जड़ी-बूटी जैसे गिलोय का डंठल, सूखा नीम का पत्ता एवं डंठल, गुड़, गाय का घी आदि को मिलाकर प्रज्ज्वलित अग्नि में 24 बार वेद मंत्र गायत्री से आहुति देने की अपील की जा रही है। संचालन शुभम कुमार ने किया। गोष्ठी में गायत्री परिवार प्रमुख कामेश्वर सिंह, सुरेश यादव, अनिल कुमार साहू, दयानंद प्रसाद, हरेंद्र प्रसाद चौधरी, अमित केसरी आदि शामिल हुए।