स्कूल बंद कर सरकार ने खोल दी शराब की दुकानें
विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही लोग चुनावी चर्चा में जुट गए हैं। शहर के बरमसिया स्थित प्रसिद्ध चिल्ड्रेन पार्क में सुबह- सुबह लोग वॉक के लिए पहुंचते हैं।
गिरिडीह: विधानसभा चुनाव की घोषणा होते ही लोग चुनावी चर्चा में जुट गए हैं। शहर के बरमसिया स्थित प्रसिद्ध चिल्ड्रेन पार्क में सुबह-सुबह लोग वॉक करने पहुंचते हैं। वे सैर सपाटा और व्यायाम के साथ गुलाबी सर्दी में अपने साथियों के साथ चर्चा-परिचर्चा करते हैं। आरोप प्रत्यारोप का दौर चलता है। किसी ने सरकार और विधायक को अच्छा बताया तो कई ने कहा नहीं चाहिए ऐसा नुमाइंदा। सोशल मीडिया में सक्रिय रहनेवाले प्रभाकर ने कहा कि 19 सालों में भाजपा करीब 12 साल तक सत्ता में रही है। स्थानीय विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी 10 साल तक यहां के प्रतिनिधि रहे हैं जो एक लंबा समय होता है। न ही भाजपा सरकार ने और न ही विधायक ने जनता की समस्याओं का निदान कर सके। प्रतिनिधि जन समस्याओं में हुए जनसंघर्ष में साथ नहीं रहे। यहां की जनता के हक के लिए विधानसभा में आवाज नहीं उठाई। इसका प्रतिवाद करते हुए समाजसेवी विक्रमजीत शर्मा ने कहा कि सड़क और स्वास्थ्य सेवा में बेहतर कार्य हुआ है। सभी क्षेत्रों में विकास हुआ है जो दिख रहा है। रामजी यादव ने कहा रघुवर सरकार ने शिक्षा के जगह शराब को ज्यादा महत्व दिया है। सैकड़ों स्कूल बंद किए गए। उसके अनुपात में जगह-जगह शराब की दुकानें खोली गई। शिक्षा और स्वास्थ्य की स्थिति बदहाल है। विधायक जनता की आवाज नही बन सके। वीरेंद्र राम ने कहा कि स्थानीय प्रतिनिधि ने कभी भी कमजोर लोगों पर ध्यान नहीं दिया। अपने इर्द गिर्द रहने वाले खास लोगों को लाभ पहुंचाने का काम किया है। रघुवर सरकार स्थानीय लोगों की दर्द को नही समझ सकी। अनंत कुमार सिन्हा ने कहा कि विकास तो हुआ है पर सरकारी योजनाओं की बंदरबांट हुई है जिसका फायदा सिर्फ नेता और अधिकारियों को हुआ है। सरकार ने जनसंख्या नियंत्रण पर ध्यान नहीं दिया। दिलीप कुमार ने कहा कि युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है। बाहरी लोगों को नौकरी दी जा रही है। स्थानीय प्रतिनिधि और सरकार असफल रही है। बदलाव जरूरी है। आनंद शंकर ने कहा कि लोगों में जो आस थी उसे सरकार ने पूरा नहीं किया। प्रतिनिधि जनता की मांगों को नहीं उठा पाए जबकि सरकार के पास योजना और धन की कमी नहीं थी। रूपेश कुमार ने कहा कि ऐसा जनप्रतिधि हो जो जनता की भावना को समझ सकें व उसके सुख दुख में साथ रहें पर ऐसा नहीं हो सका। शिक्षा की जगह 500 मीटर पर शराब की दुकान खोली गई जो गलत है। युवा नेता मिथुन चंद्रवंशी उर्फ नुनू ने कहा कि स्थानीय विधायक ने जो विकास कार्य किया है वह मील का पत्थर साबित होगा। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य के साथ जनोपयोगी कार्य के कारण आज शहर और आसपास विकास देखा जा सकता है। कहा कि विधायक तो शाहाबादी ही चाहिए पर रघुवर दास की सरकार नहीं चाहिए। कहा कि भाजपा के सरकार से ही विकास संभव है। स्थानीय विधायक का कार्य काफी अच्छा रहा है।