डोरंडा के मजदूर की दिल्ली में मौत
खोरीमहुआ घोड़थंबा ओपी के डोरंडा गांव के रहनेवाले 27 वर्षीय मजदूर मुन्ना साहू की मौत
खोरीमहुआ : घोड़थंबा ओपी के डोरंडा गांव के रहनेवाले 27 वर्षीय मजदूर मुन्ना साहू की मौत इलाज के दौरान शुक्रवार को दिल्ली के एम्स में हो गई। वह स्व. दयाल साव का पुत्र था। मुन्ना दिल्ली में रहकर विगत कई
वर्षो से दिल्ली बाजार स्थित आरआर इंटर प्राइजेज नामक कंपनी में काम करता था। काम करने के पश्चात अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई तो उसके साथ रह रहे साथी उसे वहां के निजी अस्पताल ले गए। जहां से उसे एम्स रेफर कर दिया गया। जहां विगत दो दिन इलाजरत रहने के बाद उसकी मौत हो गई। दिल्ली में झारखंड के मजदूरों के लिए संचालित संगठन झारखंड युवा मंच नया बाजार व झारखंड युवा एकता संगठन नया बाजार के सदस्यों के सहयोग से मामले की जानकारी उसके घरवालों को दी। यहां तक कि संगठन के माध्यम से सदस्यों ने अभियान चला कोष भी संग्रह किया और पीड़ित परिवार को सहयोग राशि भी दी। संगठन के सदस्य सुनील कुमार वर्मा ने दैनिक जागरण को बताया कि मुन्ना जिस कंपनी में काम करता था वहां से 51 हजार के अलावे संगठन की ओर से भी सहायता राशि दी गई है। बताया कि मुन्ना की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। एक बच्ची है जो एक वर्ष की है। बताया कि मृतक के भाई दिलीप साव के उपस्थिति व उसके परिवारवालों की रजामंदी से दिल्ली के ही मुक्ति धाम निगम बोध में हिन्दू रीति रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार कर दिया गया है। शव के अंतिम संस्कार में झारखंड युवा एकता संगठन के रवींद्र राउत, झारखंड युवा मंच के सुनील कुमार वर्मा, नरेश वर्मा, बीरेंद्र निराला, सुजीत यादव, संतोष तुरी, श्यामदेव, शंभू समेत दर्जनों की संख्या में झारखंडी मजदूर शामिल थे।