मृतका के आश्रितों को मिला चार लाख का मुआवजा
बिरनी (गिरिडीह) कपिलो पंचायत अंतर्गत रजमनियां निवासी अर्जुन मोदी की पत्नी देवंती देवी को 19 न
बिरनी (गिरिडीह) : कपिलो पंचायत अंतर्गत रजमनियां निवासी अर्जुन मोदी की पत्नी देवंती देवी को 19 नवम्बर 2020 को हाथी ने कुचल दिया था। इससे उसकी मौत हो गई थी। विभाग से तय राशि के तहत उसके आश्रितों को चार लाख रुपये के मुआवाज का चेक एक मई को बगोदर विधायक विनोद सिंह ने दिया। उनके साथ कपिलो की निर्वतमान मुखिया इंदु देवी व वन विभाग के पदाधिकारी सुबोध महथा भी थे। देवंती देवी उस दिन घूमने के लिए अपने खलिहान की तरफ गई थीं। उसी वक्त झुंड से बिछड़े एक हाथी ने उसे अपनी चपेट में लेकर मौत के घाट उतार दिया था। हालांकि स्वजन उसे जीवित समझकर इलाज के लिए बिरनी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने देखते ही उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद स्वजनों को सौंप दिया। स्वजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। विधायक विनोद सिंह ने विभाग की तरफ से स्वजनों को मुआवजा दिलाने का भरोसा दिया था। मुआवजा का चेक प्रदान करते वक्त वन विभाग के अधिकारी योगेंद्र प्रसाद, अबोध कुमार महथा व योगेंद्र प्रसाद, पूर्व प्रमुख सीताराम सिंह, पोषण सखी संजू देवी, बीरेंद्र मोदी, श्यामसुंदर मोदी, परमेश्वर साव, आदित्य साव, महेंद्र साव, जयदेव साव, बहादुर साव, संजय साव आदि उपस्थित थे।