चंपानगर में मिला ग्रामीण का शव, ठंड से मौत की आशंका
संस पीरटांड़ (गिरिडीह) थाना क्षेत्र के चंपानगर से पीरटांड़ पुलिस ने एक शव बरामद किया
संस, पीरटांड़ (गिरिडीह) : थाना क्षेत्र के चंपानगर से पीरटांड़ पुलिस ने एक शव बरामद किया है। शव चंपानगर गांव के ताराडीह टोला निवासी 50 वर्षीय गणेश किस्कू का था। घटना सोमवार सुबह की है। सूचना के बाद एसआइ गौरव भगत के नेतृत्व में पुलिस जवान सदल बल घटनास्थल पहुंचे और स्थानीय लोगों से जानकारी ली। शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि 15 जनवरी से चंपानगर में मेला था। 16 जनवरी रात तक मेला चला। गणेश मेला ही गया था कि सुबह उसका शव मैदान में देखा गया। एसआइ गौरव भगत ने बताया कि प्रथमदृष्टया ठंड से मौत होना लग रहा है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर लोग संभावना जता रहे थे कि वह मेला में शराब पीकर सो गया होगा। इसी दौरान ठंड की चपेट में आ गया होगा। उसकी पत्नी दिव्यांग है। बोलने की स्थिति में नहीं है। जबकि पुत्र बाहर है। प्रमुख सिकंदर हेंब्रम का कहना है कि वह मेला देखने गया था। उसके स्वजनों को कोई शिकायत नहीं है। मामला हत्या का नहीं है।