सदर अस्पताल में लगेगा ऑक्सीजन प्लांट
गिरिडीह उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर
गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। कोरोना मरीजों के लिए की गई स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लेते हुए उन्होंने चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। नॉर्मल बेड, ऑक्सीजन बेड, आइसीयू बेड एवं वेंटिलेटर सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया। कहा कि वर्तमान में सदर अस्पताल में 30 ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड्स हैं, जिन्हें बढ़ाकर 150 किया जाएगा। इसमें ऑक्सीजन बेड, ऑक्सीजन सिलेंडर, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, ऑक्सीजन पाइपलाइन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सदर अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्टेड बेड की व्यवस्था की जाएगी।
कहा कि सदर अस्पताल में एडमिट कोविड संक्रमित मरीजों के बेहतर चिकित्सीय उपचार के लिए रोस्टर वार चिकित्सकों द्वारा निगरानी रखी जा रही है। चिकित्सक संक्रमित मरीजों का उचित ख्याल रख रहे हैं तथा कोविड प्रोटोकॉल का पालन भी कराया जा रहा है। समयवार चिकित्सकों की टीम मरीजों की देखभाल कर रही है। सुबह छह बजे से अपराह्न दो बजे तक, अपराह्न दो बजे से रात 10 बजे तक व रात 10 बजे से पुन: छह बजे तक चिकित्सक मरीजों का भरपूर ख्याल रख रहे हैं। उन्होंने सदर अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ एवं दुरुस्त करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया। जल्द ही सदर अस्पताल में सभी आवश्यक सुविधाएं बहाल की जाएंगी। आने वाले समय में बेड्स को बढ़ाया जाएगा। साथ ही, जिले में ऑक्सीजन बेड्स की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए सदर अस्पताल में ऑक्सीजन प्लांट्स लगाया जाएगा। आरटीपीसीआर जांच बड़े पैमाने करने के लिए टैब को भी लगाया जाएगा। इसके लिए स्थल चिह्नित करने का निर्देश सिविल सर्जन को दिया गया है।