धान खरीद के बकाए भुगतान के लिए डीसी ने मांगा 91.53 करोड़
गिरिडीह जिले में धान खरीद की बकाया भुगतान करने को लेकर सरकार से राशि की मांग की
गिरिडीह : जिले में धान खरीद की बकाया भुगतान करने को लेकर सरकार से राशि की मांग की गई है। डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने झारखंड राज्य खाद्य निगम के प्रबंध निदेशक को पत्र लिखकर 91 करोड़ 53 लाख की राशि की मांग की है। कहा कि वर्ष 2020-21 में किसानों से 64 लाख 28 हजार 98 सौ क्विटल से अधिक धान की खरीद की गई थी। इसमें सरकार के ओर से 40 करोड़ 26 लाख रुपये भेजी गई थी। इस राशि में से किसानों को 38 लाख 58 लाख रुपये भुगतान किया जा चुका है। शेष राशि अब तक किसानों को नहीं भुगतान किया जा सका है। राशि के अभाव में 42 सौ 58 किसानों को पहली किश्त भी भुगतान नहीं किया गया है। किसान सरकारी पोर्टल, वाट्सएप और पीजीएमएस पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा रहे हैं। कोविड 19 के काल में किसान जिला आपूर्ति शाखा और खाद्य निगम कार्यालय पहुंच रहे हैं। किसानों को राशि भुगतान करना जरूरी है। उन्होंने प्रबंध निदेशक से जल्द राशि भेजने की मांग की है।