केंद्रीय कर्मियों के समान राज्यकर्मियों को हो बोनस भुगतान
गिरिडीह झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन ने
गिरिडीह : झारखंड राज्य अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के महामंत्री अशोक कुमार सिंह नयन ने कहा है कि अगर दीपावली से पूर्व राज्य के कर्मियों के बोनस का भुगतान नहीं किया गया तो इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा। सरकार राज्य कर्मियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। दुर्गापूजा जैसे त्योहार के अवसर पर झारखंड के राज्यकर्मियों को अक्टूबर माह का वेतन भुगतान नहीं किया गया है। इस कारण सभी कर्मियों में असंतोष है। केंद्र सरकार ने अपने केंद्रीय कर्मियों के लिए दुर्गा पूजा के पूर्व बोनस के भुगतान की घोषणा कर दी है। झारखंड सरकार ने अब तक बोनस की घोषणा नहीं की है। राज्यकर्मियों की मांग है कि केंद्रीय कर्मियों के समान राज्य के कर्मियों को भी बोनस का भुगतान किया जाए। राज्य में केंद्रीय वेतनमान लागू है। जब भी केंद्रीय कर्मियों के वेतन भत्ता में बढ़ोत्तरी हुई है तब झारखंड के भी कर्मियों के वेतन भत्ता में बढ़ोतरी हुई है। इसलिए बोनस भुगतान की मांग जायज है। महासंघ की मांग है कि दीपावली के पूर्व सभी कर्मियों, आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका, पोषण सखी, जलसहिया एवं आउटसोर्सिग कर्मियों को बोनस का भुगतान किया जाए। ऐसा नहीं हुआ तो, इसके विरोध में आंदोलन करने को वे लोग बाध्य होंगे।